UP News : उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चर्चित सीओ अनुज चौधरी का तबादला हो गया है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पिछले साल 24 नवंबर को हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद से सुर्खियों में आए पुलिस अधिकारी सीओ अनुज चौधरी का तबादला कर दिया गया है। अब उन्हें संभल सर्किल से स्थानांतरित कर चंदौसी सर्किल का सीओ नियुक्त किया गया है, जो संभल जनपद का ही एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है।
आलोक भाटी को दी गई जिम्मेदारी
तबादले के तहत अब संभल सर्किल की ज़िम्मेदारी सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक भाटी को सौंपी गई है, जिन्होंने अपना कार्यभार संभाल लिया है। यह परिवर्तन क्षेत्रीय कानून-व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने तथा स्थानीय परिस्थितियों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए किया गया है। हालांकि, इसे लेकर पुलिस विभाग की ओर से अभी तक कोई भी आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आई है ।
अपने बयानों को लेकर चर्चा में थे अनुज चौधरी
सीओ अनुज चौधरी सिर्फ संभल की हिंसा को लेकर ही नहीं, बल्कि अपने एक बयान को लेकर भी काफी चर्चा में चल रहे थे। बता दें कि उन्होंने एक बार एक बड़ा बयान देते हुए कहा था, "होली साल में एक बार आती है, लेकिन जुमा (शुक्रवार की नमाज) तो 52 बार आता है." उनके इस बयान को सोशल मीडिया पर खूब वायरल किया गया और इसकी काफी आलोचना भी हुई थी। UP News :