उत्तर प्रदेश में ठाकुर समाज ने बढ़ाई भाजपा की टेंशन
UP News
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:22 AM
UP News : उत्तर प्रदेश के ठाकुर समाज ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की टेंशन बढ़ा दी है। ठाकुर समाज में फैली हुई नाराजगी की काट ढूंढने के लिए भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले गृहमंत्री अमित शाह ने अपने प्रयास शुरू कर दिए हैं। सबको पता है कि उत्तर प्रदेश में ठाकुर समाज से आने वाले योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश खासतौर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का ठाकुर समाज भाजपा से नाराज बताया जा रहा है। भाजपा ठाकुरों की नाराजगी का रिस्क नहीं ले सकती है।
UP News
टिकट ना मिलने से नाराज हैं ठाकुर
उत्तर प्रदेश का ठाकुर समाज टिकट बंटवारे में नाराजगी के कारण भाजपा से नाराज बताया जा रहा है। अकेले पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां की 14 लोकसभा सीटों में से केवल मुरादाबाद की एक सीट पर ही भाजपा ने ठाकुर समाज के प्रत्याशी को टिकट दिया है। रही सही कमी ठाकुर समाज के गौरव रहे जनरल वी.के. सिंह का टिकट कटने से पूरी हो गई। ठाकुर समाज के लोग सवाल पूछ रहे हैं कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद सीट से जनरल वी.के. सिंह का टिकट काटने का क्या कारण था ? भाजपा के नेता जनरल वी.के. सिंह का टिकट काटने का एक भी कारण नहीं बता पा रहे हैं।
अमित शाह ने संभाला मोर्चा
सबको पता है कि भाजपा नेता तथा गृहमंत्री अमित शाह को भारतीय राजनीति का चाणक्य माना जाता है। उत्तर प्रदेश में ठाकुर समाज की नाराजगी की आशंका को पहचानकर अमित शाह ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। अमित शाह ने ठाकुर समाज से जुड़े हुए सभी भाजपा नेताओं तथा विधायकों को तलब कर लिया है। बुधवार को अमित शाह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर है। अमित शाह उत्तर प्रदेश में एक के बाद एक चुनावी जनसभा करने के बीच ही ठाकुर समाज को भाजपा के पक्ष में बनाए रखने का पूरा प्रयास कर रहे हैं।
अमित शाह के निकटवर्ती सूत्रों का दावा है कि ठाकुर समाज की नाराजगी को जल्दी ही दूर कर लिया जाएगा। यह अलग बात है कि ठाकुर समाज अपने लोगों को टिकट ना मिलने को एक बड़ी राजनीतिक साजिश मानकर चल रहा है। यह साजिश उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर बताई जा रही है। क्या साजिश हुई है ठाकुर समाज के साथ इस विषय पर हम जल्दी ही एक बड़ी धमाकेदार रिपोर्ट प्रकाशित करेंगे।
ग्रेटर नोएडा– नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।