उत्तर प्रदेश के इस शहर में ट्रैफिक जाम से निजात के लिए मेट्रो ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर का होगा निर्माण
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:51 AM
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मेट्रो के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर का निर्माण कार्य अगले माह से शुरू होने जा रहा है। यूपीएमआरसी (उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कार्पोरेशन) ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। अधिकारियों के अनुसार, दशहरे तक डिटेल डिजाइन एंड कंसल्टेंट का टेंडर फाइनल कर दिया जाएगा, जिसके बाद निर्माण से जुड़े टेंडर भी फ्लोट किए जाएंगे। UP News :
कॉरिडोर का रूट और तैयारियां
यह कॉरिडोर चारबाग से वसंत कुंज तक बनाया जाएगा। ग्राउंड सर्वे और सॉयल टेस्टिंग की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, और प्रयोगशाला की सभी रिपोर्ट भी मिल चुकी हैं, जिससे निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सकेगी। डीडीसी टेंडर फाइनल होने के बाद मेट्रो स्टेशनों की डिजाइनिंग प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद एलिवेटेड और अंडरग्राउंड दोनों तरह के स्टेशनों के निर्माण के लिए अलग-अलग कंपनियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। सूत्रों के अनुसार, आगरा और कानपुर मेट्रो प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुकी बड़ी और अनुभवी कंपनियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
ट्रैफिक जाम में कमी और कनेक्टिविटी में सुधार
यूपीएमआरसी का मानना है कि छोटे ठेकेदारों से इतनी बड़ी परियोजना को संभालना मुश्किल होगा। इसी कारण डीडीसी टेंडर की अवधि तीन सप्ताह बढ़ा दी गई थी। इस बार बेंगलुरु और चेन्नई की दो प्रमुख कंपनियों ने भी इस प्रोजेक्ट में रुचि दिखाई है और उनके प्रतिनिधियों का यूपीएमआरसी दफ्तर में आना-जाना शुरू हो गया है। यह परियोजना न केवल शहर की ट्रैफिक समस्या को कम करेगी, बल्कि आने वाले वर्षों में लखनऊ की कनेक्टिविटी और भी मजबूत बनाएगी। निर्माण कार्य शुरू होते ही राजधानी की मेट्रो सेवा को नई गति मिलने की उम्मीद है। UP News