
Uttrakhand News: देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को तकनीकी पदों समेत समूह 'ग' की सभी परीक्षाओं में साक्षात्कार की व्यवस्था तत्काल समाप्त करने तथा पीसीएस या अन्य उच्च पदों पर साक्षात्कार का प्रतिशत कुल अंकों के 10 प्रतिशत से ज्यादा न रखने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा नैनीताल जिले के हल्द्वानी में राज्य सरकार द्वारा नकल विरोधी कानून लागू करने के लिए उसका आभार व्यक्त करने के लिये भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित आभार रैली में की।
इस मौके पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए धामी ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिये समूह 'ग' की सभी परीक्षाओं में साक्षात्कार की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि 'समूह 'ग' की कोई भी परीक्षा, चाहे वह लोक सेवा आयोग से बाहर की हो या लोक सेवा आयोग द्वारा कराई जा रही हो, सभी परीक्षाओं में साक्षात्कार की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी जाएगी। इसमें तकनीकी पद भी सम्मिलित होंगे अर्थात जेई (अवर अभियंता) जैसे तकनीकी पदों में भी साक्षात्कार की व्यवस्था पूर्ण रूप से समाप्त कर दी जाएगी।' उन्होंने साक्षात्कार की आवश्यकता वाले सिविल सेवा तथा अन्य उच्च पदों में भी साक्षात्कार का प्रतिशत कुल अंकों के 10 प्रतिशत से ज्यादा न रखे जाने की भी घोषणा की।