Noida News : सावधान! ऊपर वाला सब देख रहा है दो सप्ताह में शुरू हो जाएगी 76 चौराहों की निगहबानी
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 05:36 PM
Noida : नोएडा । शीघ्र ही नोएडा के 76 चौराहों पर लगे मल्टी डायमेंशनल कैमरे पूरी तरह निगहबानी शुरू कर देंगे। इससे न सिर्फ यातायात व्यवस्था पर निगरानी व नियंत्रण होगा बल्कि आपातकाल के दौरान ग्रीन कारीडोर बनाने तथा अपराधियों एवं अपराधों पर भी शिकंजा कसा जा सकेगा। 15 जून से 1 जुलाई तक इस व्यवस्था के जरिए 40 हजार वाहनों के चालान किए गए।
नोएडा प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक (ट्रैफिक सेल) एस.पी. सिंह ने बताया कि वैसे तो सभी चौराहों पर कैमरे काम कर रहे हैं। समय-समय पर ट्रॉयल एंड रन के तहत दिक्कत होने पर उसको व्यवस्थित किया जा रहा है। इसी का नतीजा रहा कि पिछले एक पखवाड़े यानि 15 जून से 1 जुलाई तक 40 हजार वाहनों के चालान किए गए। पूरी तरह आइटीएमएस की यह व्यवस्था 8-10 दिनों में चालू हो जाएगी।
अगले दो सप्ताह में सभी चौराहों पर कैमरे चालू हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि इससे यातायात पुलिस तथा सिविल पुलिस को भी काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही इर्स आटीएमएस सुविधा के जरिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी चालू हो सकेगा। स्पीड डिटेक्शन सिस्टम भी काम करना शुरू कर देगा। 40 व्यस्त चौराहों पर एडेप्टिव ट्रैफिक लाइट कंट्रोल सिस्टम भी चालू हो जाएगा जो यातयात पुलिस के लिए वरदान साबित होगा।
बता दें कि इंटीग्रेडिड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के तहत सभी कैमरे सेक्टर-94 स्थित कमांड कंट्रोल से जुड़ जांएगे। 65 करोड़ रूपये की लागत से 76 चौराहों पर 1065 मल्टी डायमेंशनल हाईटैक कैमरे लगाये गये हैं। अब आगामी 10-15 दिनों में इस व्यवस्था को पूरी तरह प्रभारी ढंग से चालू कर दी जाएगा।