जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत मोहन स्वरूप अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र के धूम मानिकपुर गांव के पास सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में खुर्जा के एक डॉक्टर की दर्दनाक मौत हो गई। डॉक्टर जिस ग्रैंड विटारा कार से जा रहे थे, वह अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
थाना प्रभारी के मुताबिक, सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली कि धूम मानिकपुर गांव के पास तेज रफ्तार ग्रैंड विटारा कार पलट गई है। हादसा इतना जोरदार था कि कार चला रहे व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत मोहन स्वरूप अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान अमित कुमार पुत्र भगवत प्रसाद, निवासी करावलनगर, थाना दयालनगर, दिल्ली के रूप में हुई है। अमित कुमार पेशे से चिकित्सक थे और फिलहाल खुर्जा स्थित पीएलआरडी हॉस्पिटल में तैनात थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, आशंका है कि ड्राइविंग के दौरान अमित कुमार को हल्की नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर पलट गई। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।