
Samachar : चेतना मंच के सभी सुधी पाठकों को प्यारभरी गुड़ मॉर्निंग। शुभ मंगलवार, आपका दिन मंगलमय हो, आप स्वस्थ रहे और मस्त रहे। चेतना मंच की इस खास पेशकश में हम आज की नोएडा और ग्रेटर नोएडा की ताजा खबरों से अवगत कराएंगे। इन चुनिंदा 10 खबरों में हम आपको बताएंगे कि आज आपके लिए कौन सी खबर काम की रहने वाली है। इसके अलावा देश और प्रदेश की राजनीतिक, सामाजिक और अपराधिक दृष्टि से महत्वपूर्ण खबरों पर भी हम यहां नजर डालेंगे।
ग्रेटर नोएडा शहर के वातावरण में कोई परिवर्तन नहीं आ रहा है। वायु गुणवत्ता के मामले में ग्रेटर नोएडा देश का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। हालांकि दो दिन पहले इस मामले में यह शहर देश का पहला शहर बन गया था। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शहर के प्रदूषण को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। सोमवार को ग्रेटर नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक 214 रहा, जबकि नोएडा के एक्यूआई में इजाफा हुआ है, लेकिन अब भी एक्यूआई येलो जोन में बना हुआ है। ग्रैप लागू होने के बाद भी संबंधित विभागों ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई शुरू नहीं की है, साथ ही इंतजाम भी नहीं किए जा रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा में दलित छात्र को जबरन पुलिस हिरासत में रखने के मामले में आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित एलएलबी का छात्र बताया जाता है और वह यहां पर रहकर पढ़ाई कर रहा था। मामले में आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ किसी तरह की कार्यवाही न होने पर दलित छात्र सोमवार को लखनऊ में आत्मदाह करने के लिए पहुंच गया था। लखनऊ के आला अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया और नोएडा पुलिस कमिश्नरेट को इस मामले में कार्यवाही करने के आदेश दिए। इसके बाद अनिल राजपूत, अनुज कुमार, देवेंद्र राठी समेत छह से अधिक पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज हुआ है। बीटा-दो थाने में दो थानेदार समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है, हालांकि इस मामले में आधिकारिक रूप से कोई बयान नहीं दिया गया है।
आपने बांग्लादेश की सोनिया अख्तर वाले केस के बारे में तो सुना ही होगा। बांग्लादेश के सोनिया अख्तर से ग्रेटर नोएडा के एक शख्स ने बांग्लादेश में रहते हुए शादी कर ली थी। दोनों का एक बच्चा भी है। इसके बाद सोनिया का पति उसे बांग्लादेश छोड़कर वापस ग्रेटर नोएडा चला आया था। ठीक इसी तरह का दर्द सूरजपुर की ईशा भी झेल रही है। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में अपने दस साल के बेटे के साथ रहने वाली ईशा को उसका पति छोड़कर ओमान चला गया है। आरोपी ने महिला से संपर्क तोड़ लिया है और संबंध विच्छेद के लिए दबाव बना रहा है। ईशा ने पति पर किसी दूसरी महिला से शादी करने या गैर कानूनी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप लगाया है।
नोएडा में ऑनलाइन गेमिंग का शौक रखने वालों के लिए यह बेहद जरुरी खबर है। खबर यह है कि एक अक्टूबर से ऑनलाइन गेमिंग करना महंगा हो गया है। नोएडा के जिन होटलों में ऑनलाइन गेमिंग खिलाया जाता है, उसे लेकर भी नोटिफिकेशन जारी कर दिय गया है। आनलाइन गेमिंग पर सरकार ने 28 प्रतिशत जीएसटी टैक्स लगा दिया है। पढ़े पूरी खबर
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता व प्रसिद्ध किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि फ्रंट लाइन पर लड़ने वाले पत्रकार आज भी ईमानदार हैं, लेकिन मीडिया हाउसों ने इन पत्रकारों की कलम पर पहरा लगा दिया है जिस वजह से देश में घट रही घटनाओं की सच्चाई सामने नहीं आ पाती। कोविड 19 काल में शहीद हुए देशभर के पत्रकारों की याद में नोएडा के सेक्टर 72 में बनाए गए राष्ट्रीय स्मारक के लोकार्पण के मौके पर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने चेतना मंच के साथ बातचीत के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि पत्रकार किसी गांव, शहर व कस्बे का नहीं होता। उसका जीवन सार्वजनिक होता है और वह हमेशा फ्रंटलाइन पर लड़ता है। कोरोना काल के दौरान बड़ी संख्या में पत्रकारों ने फ्रंटलाइन में रहते हुए अपने प्रांण गंवाए उन्हीं पत्रकारों को आज श्रद्धांजलि देने यहां आए हैं। पढ़े पूरी खबर
गज़़ल सुनना व पढ़ना सभी को पसन्द है। गज़़ल साहित्य की एक अदभुत विद्या है। हर कोई चाहता है कि वह भी गज़़ल लिखना सीख जाए। गज़़ल सिखाने का एक अनोखा प्रयास शुरू किया है प्रसिद्ध शायर दीक्षित दनकौरी ने। उन्होंने दुनियाभर के इच्छुक लोगों को गज़़ल की विद्या सिखाने के लिए “गज़़ल की पाठशाला” शुरू की है। इस पाठशाला में गज़़ल का त्रैमासिक कोर्स चलाया जा रहा है। प्रसिद्ध कवि, शायर एवं गज़़लकार दीक्षित दनकौरी ने एक अनूठा प्रयोग किया है। दीक्षित दनकौरी बताते हैं कि दुनियाभर में बड़ी संख्या में गज़़ल को पसंद किया जाता है। हर कोई गज़़ल लिखने की कला सीखना चाहता है। इसी मकसद से उन्होंने “गज़़ल की पाठशाला” शुरू की है। आप भी इस पाठशाला से ऑनलाइन गज़़ल लिखना, पढऩा व गाना सीख सकते हैं। पढ़े पूरी खबर
जनपद गौतमबुद्धनगर की तीन विधानसभा क्षेत्रों में 401 मतदाता 100 वर्ष से अधिक आयु के हैं। इनमें से सर्वाधिक मतदाता दादरी विधानसभा क्षेत्र में हैं। यहां ऐसे वयोवद्ध मतदाताओं की संख्या 210 है, जबकि जेवर विधानसभा क्षेत्र में ऐसे मतदाताओं की संख्या 155 है। वहीं नोएडा विधानसभा क्षेत्र में 100 वर्ष या इससे अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 36 है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी/डिप्टी कलेक्टर भैरपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने 100 वर्ष एवं इससे अधिक आयु के मतदाताओं को घर-घर जाकर सम्मानित किया तथा उनको मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र प्रदान कर तथा फूल-माला पहनाकर व शॉल भेंट कर सम्मानित किया। पढ़े पूरी खबर
कोविड काल में अपने कर्तव्यों का निर्वाहन करते हुए शहीद हुए देशभर के पत्रकारों की याद में एक शहीद स्मारक स्थापित किया गया है। यह शहीद स्मारक UP के नोएडा शहर में स्थापित हुआ है। नोएडा शहर के सेक्टर-72 में स्थापित राष्ट्रीय स्मारक को गांधी जयंती 2 अक्टूबर 2023 को राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकार, राजनेता व सामाजिक कार्यकर्ता एकत्र हुए। कोविड महामारी के दौरान भारत में 472 पत्रकारों का निधन हुआ था। देशभर के उन सभी पत्रकारों की याद में नोएडा शहर में एक विशाल स्मृति स्मारक स्थापित किया गया है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर नोएडा के सेक्टर-72 में स्थापित किया गया राष्ट्रीय स्मारक राष्ट्र को समर्पित किया गया। पढ़े पूरी खबर
गांधी जयंती के अवसर पर किसान सभा द्वारा जिला सम्मेलन का आयोजन किया गया था। सम्मेलन की शुरुआत किसान सभा का झंडा फहराकर देशभर के आंदोलनों में शहीद किसानों को एवं महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धा सुमन अर्पित कर की गई। किसानों द्वारा देश भक्ति और इंकलाब के नारे लगाए। किसान सभा की 22 गांवो की कमेटियों के 450 प्रतिनिधियों ने अपनी जिला कमेटी का चुनाव संपन्न किया। सम्मेलन में शामिल 400 प्रतिनिधियों ने किसान सभा के कुल 4000 प्रतिनिधियों का प्रतिनिधित्व किया। जिला सम्मेलन ग्राम ईटेडा में डिवाइन फॉर्म हाउस में जिला सम्मेलन संपन्न हुआ।
टीम इंडिया ने अपने विश्व कप 2023 स्क्वॉड में जिन दिग्गज खिलड़ियों को जगह नहीं दी है, उनमें से एक युजवेंद्र चहल भी हैं। अपार प्रतिभा के धनी चहल को दुर्भाग्यवश विश्व कप में हर बार नजर अंदाज कर दिया जाता है। अब टेस्ट टीम में जगह बनाने के इरादे से वो इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं।
चहल ने विज्डन से बातचीत में कहा “मैं केंट के लिए काउंटी क्रिकेट में खेलने इसलिए आया, क्योंकि मैं कहीं भी और किसी भी तरह क्रिकेट खेलना चाहता था। मुझे यहां लाल गेंद से खेलने का मौका मिला और मैं भारत के लिए भी लाल गेंद से खेलना चाहता हूं, इसलिए यहाँ आया।” यूजी के नाम से लोकप्रिय क्रिकेटर ने आगे कहा “मेरे लिए यह अच्छा अनुभव रहा। मुझे यहां अच्छे स्तर पर खेलने को मिल रहा है। मुझे बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है। मैं भारत के लिए टेस्ट मैच खेलना चाहता हूं।” Aaj ka Samachar पढ़े पूरी खबर