पारंपरिक वेशभूषा, कलशों की कतार और भक्ति गीतों के बीच नोएडा का सेक्टर-19 सुबह से ही धार्मिक रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में नोएडा के विधायक पंकज सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया और आयोजन की सराहना की।

Noida News : नोएडा में मंगलवार को आस्था और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला। भारत विकास परिषद नोएडा के तत्वावधान में सेक्टर-19 में प्रस्तावित श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पहले शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान नोएडा की सड़कों पर ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष गूंजते रहे और पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल छा गया।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, श्रद्धालु और परिषद के पदाधिकारी शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा, कलशों की कतार और भक्ति गीतों के बीच नोएडा का सेक्टर-19 सुबह से ही धार्मिक रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में नोएडा के विधायक पंकज सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया और आयोजन की सराहना की।
भारत विकास परिषद नोएडा के अनुसार, सेक्टर-19 में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का वाचन प्रख्यात कथावाचक मृदुल शास्त्री करेंगे। कथा का आयोजन 17 दिसंबर से 23 दिसंबर तक प्रतिदिन नोएडा में किया जाएगा। परिषद ने बताया कि कथा-स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा, व्यवस्था और अनुशासन को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
विधायक पंकज सिंह ने इस अवसर पर कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे आयोजनों से समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा मिलती है और भारतीय संस्कृति-संस्कारों की मजबूती होती है। उन्होंने कहा कि नोएडा में इस तरह के धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक एकता और सकारात्मक माहौल को बढ़ावा देते हैं।
परिषद ने नोएडा के धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सेक्टर-19 पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करें और पुण्य लाभ अर्जित करें। Noida News