Dog Murder -आवारा कुत्ते की पीट पीटकर की हत्या करने वाले 4 छात्र हुए गिरफ्तार
दिल्ली
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 04:19 PM
Delhi- दिल्ली से एक हैरान कर देने वाला किस्सा सामने आया है। दिल्ली की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में कुछ दिनों पहले एक आवारा कुत्ते (Dog Murder) को अज्ञात लोगों के समूह ने जान से मार दिया था, जिसके बाद पुलिस ने अब 4 लोगों को गिरफ्त में ले लिया है। बताया जा रहा है कि ये चारों गिरफ्तार किए गए युवक डॉन बोस्को टेक्निकल कॉलेज इंस्टीट्यूट के छात्र हैं।
इस घटना का कुछ दिनों पहले एक वीडियो वायरल हुआ था और साथ ही एक महिला ने भी इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज की थी। इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे कुत्ते को एक शेड में ले जाया जाता है और उसे बेजुबान को पीटा जाता है। वीडियो में साफ आवाज़ आ रही है कि कैसे लोग 'इसे मारो, इसे पीटो' चिल्ला रहे हैं। इसके बाद कुत्ते को उठाकर वे लोग खेत में छोड़ आते हैं।
दरअसल ये घटना 30 अक्टूबर की है। हुआ ये था कि वो छात्र मैदान में खेल रहे थे और तभी ये कुत्ता उनके खेल के बीच में मैदान में आ गया। इसी से गुस्सा होकर छात्रों ने ये कदम उठाया। एक पुलिस सूत्र के दावे के मुताबिक, 'कुत्ता पास में रहता है और अक्सर जमीन पर घूमता रहता है। लड़कों ने कहा कि वे परेशान महसूस कर रहे हैं और उनका खेल बाधित हो गया है। उन्होंने पहले कुत्ते का पीछा करना शुरू किया और उसे कुछ देर दौड़ाया। बाद में उन्होंने कुत्ते को पीटकर सबक सिखाने का फैसला किया। फिर उनमें से कुछ कुत्ते को टिन शेड में ले गए और डंडों और पत्थरों से उस पर हमला कर दिया। जब उन्हें पता चला कि कुत्ता मर (Dog Murder) गया है, तो वे उसे उसी खेत में ले गए और उसे दफना दिया।'
स्थानीय लोगों ने बताया कि वो कुत्तिया गर्भवती थी और छात्रों ने मारकर उसके शव को जमीन में दफना दिया था। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने वायरल वीडियो को देखा और जांच पड़ताल की। फिर आरोपियों का पता चला और उन्हें गिरफ्तार किया गया। वहीं डीसीपी ईशा पांडे ने बयान में कहा कि, 'सभी आरोपी व्यक्ति डॉन बॉस्को तकनीकी संस्थान के छात्र हैं। मामला दर्ज होने के बाद ही पुलिस हरकत में आई और संस्थान का दौरा किया लेकिन छुट्टी होने के कारण संस्थान बंद था। अंत में, पुलिस ने निदेशक से संपर्क किया और उन्हें आश्वस्त किया कि मामला गंभीर है। फिर, एक व्यक्ति ने आगे आकर एक छात्र अविनाश मिंज (24) का विवरण दिया ... संस्थान ने उसका विवरण प्रदान किया। पुलिस की एक टीम ने उसके घर का दौरा किया, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं था और उसका फोन स्विच ऑफ था। कुछ देर बाद अविनाश को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने अपनी संलिप्तता कबूल कर ली है। उसके बयान के आधार पर कुत्ते का शव मिला। उनके सहयोगियों, अनीश होरहोरिया, राहुल कुजूर और गुरुवचन को भी गिरफ्तार किया गया है।'