Noida News : मीडिया संस्थान से जुड़ी एक युवती का पीछा कर शराब के नशे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवक को थाना फेस-1 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद थाने में युवक हाथ जोड़कर अपने कृत्य की माफी मांगता हुआ दिखाई दिया।
थाना प्रभारी वीरेश पाल गिरी ने बताया कि गत 14 दिसंबर की शाम को मीडिया संस्थान से जुड़ी एक युवती पैदल जा रही थी। इस दौरान सेल्टोस कार सवार युवक ने युवती का रास्ता रोककर उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की।
Noida news :
युवती द्वारा डांटे जाने पर युवक कार लेकर फरार हो गया। युवती ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी और थाने में जाकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर कार के नंबर की जानकारी मिली जिसके बाद मुखबिर की सूचना पर अनुराग पुत्र अमरेंद्र सिंह निवासी जिला उन्नाव को सेक्टर-10 के चौराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़ा गया आरोपी हाल में सेक्टर-12 में रहता है और स्टेशनरी की शॉप चलाता है। गिरफ्तार होने पर अनुराग थाने में अपने कृत्य पर बार-बार हाथ जोड़कर माफी मांगता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने आरोपी की सेल्टोस कार को भी सीज किया है।