
Greater Noida (चेतना मंच)। एक ओर जहां केंद्र सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कह रही है, वहीं दूसरी ओर ग्रेटर नोएडा में महिलाओं पर लगातार सितम किए जा रहे हैं। दहेज लोभी ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर नोएडा की दो विवाहिताओं को मारपीट करने के बाद घर से निकाल दिया। ससुराल वालों की प्रताडऩा से त्रस्त दोनों विवाहितों ने थाना दनकौर में ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
नोएडा के ग्राम भट्टा निवासी रजनी (काल्पनिक नाम) की शादी 15 फरवरी को ग्राम डेटा जनपद अलीगढ़ निवासी शिवम के साथ हुई थी। शादी के समय पर खासा दान दहेज दिया गया था। लेकिन ससुराल वाले इससे संतुष्ट नहीं थे। रजनी के मुताबिक उसका पति शिवम, ससुर वीरकरण, सास राजेश अक्सर उसके साथ दहेज को लेकर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते थे।
लोक लज्जा के कारण उसने परिजनों को इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इससे ससुराल वालों के हौसले और बढ़ते चले गए। रजनी ने आरोप लगाया है कि ससुर ने तमाम मर्यादाओं को ताक पर रख कर उसके साथ छेड़छाड़ की। इस बात का विरोध कर उसने जब इसके बारे में अपने पति व सास को जानकारी दी तो उन्होंने उल्टा उसके साथ मारपीट की। 15 सितंबर को ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट कर उसे गांव के बाहर फेंक दिया और धमकी दी कि अगर वह घर लौटकर आई तो उसे जान से मार देंगे।
मूल रूप से जहांगीराबाद निवासी कामिनी (काल्पनिक नाम) ने पुलिस से की शिकायत में बताएं कि उसकी शादी 21 जुलाई 2018 को कस्बा दनकौर निवासी मोहित के साथ हुई थी। शादी के पहले दिन से ही ससुराल वालों ने दहेज को लेकर उसके साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। मोहित गर्ग व उसके परिजन उस पर मायके से 25 लाख रुपए लाने का दवाब बनाने लगे। उसने जब पैसे लाने से इनकार कर दिया तो उसके पति मोहित गर्ग, ससुर अरविंद गर्ग, सास सविता गर्ग, देवर गोपाल गर्ग उसे प्रताडि़त करने लगे। उसके साथ बेवजह छोटी-छोटी बातों पर मारपीट की जाती थी।
इस दौरान उसे पता चला कि उसके पति ने पूर्व में एक लडक़ी से शादी की थी और उसे भी पैसों के लिए छोड़कर उसे तलाक ले लिया था। इस बारे में जब उसने अपने पति से जानना चाहा तो उसके साथ जमकर मारपीट की गई। बीते 13 जुलाई को उसके पति और ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसे घर से निकाल दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।