विज्ञापन
UP News: नए प्रशासनिक भवन के उद्घाटन के बाद नोएडा अथॉरिटी के सभी विभाग एक ही छत के नीचे आ जाएंगे। नोएडा एक्सप्रेसवे के पास स्थित होने के कारण इस कॉम्प्लेक्स तक पहुंचना भी आसान रहेगा।

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 जून को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के दौरे पर रहेंगे। वे नोएडा अथॉरिटी के नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही यमुना प्राधिकरण के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) में पहली औद्योगिक इकाई के निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे।
नोएडा अथॉरिटी को मिलेगा नया ऑफिस
सीएम योगी 27 जून को सेक्टर-96 में नोएडा अथॉरिटी के नए कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। 390 करोड़ रुपये की लागत वाला यह प्रोजेक्ट वर्ष 2016 में शुरू हुआ था, लेकिन कोविड लॉकडाउन और मूल ठेकेदार के ब्लैकलिस्ट होने के कारण इसमें देरी हुई।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुरू में इस प्रोजेक्ट के तहत 18 और 9 मंजिला दो टावर बनाने की योजना थी। बाद में डिजाइन में बदलाव किया गया और अब इस कॉम्प्लेक्स में 6 एकड़ भूमि पर 4 और 8 मंजिला दो टावर बनाए गए हैं। इस बदलाव के कारण प्रोजेक्ट की कुल लागत 930 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि शुरू में इसका अनुमान 478 करोड़ रुपये था।
सभी विभाग एक छत के नीचे
इस भवन के बन जाने से अब नोएडा अथॉरिटी के सभी विभाग एक ही छत के नीचे आ जाएंगे। नोएडा एक्सप्रेसवे के पास स्थित होने के कारण इस कॉम्प्लेक्स तक पहुंचना भी आसान रहेगा।वर्तमान में अथॉरिटी के विभिन्न विभाग अलग-अलग जगहों पर कार्यरत हैं, जिनमें सेक्टर-6 में मुख्य प्रशासनिक कार्यालय, सेक्टर-39 में बागवानी विभाग तथा सेक्टर-19 और 20 में अन्य कार्यालय शामिल हैं। सेक्टर-6 वाला कार्यालय जगह की दृष्टि से छोटा है और वहां पर्याप्त पार्किंग की सुविधा भी नहीं है। कार्यालय आने वाले लोग अक्सर सड़क के किनारे वाहन खड़ी करते हैं, जिससे इलाके में ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न होती है।
ग्रेटर नोएडा में ईएमसी की पहली यूनिट
इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 जून को यमुना प्राधिकरण के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) में पहली औद्योगिक इकाई का शिलान्यास करेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ यीडा सेक्टर दस में एसेंट के. सर्किट प्रा. लि. की इकाई का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा सेक्टर आठ में अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लि. की औद्योगिक इकाई का भी शिलान्यास होग।
विज्ञापन