
Greater Noida : थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र की जेपी अमन सोसायटी में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक यूपीएससी की तैयारी कर रहा था और पिछले काफी समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। मौके से मिले सुसाइड नोट में युवक ने अपने ऊपर कई लोगों का लाखों रुपये कर्ज होने का भी जिक्र किया है।
सेक्टर 151 स्थित जेपी अमन सोसायटी में प्रशांत उपाध्याय अपने परिवार के साथ रह रहा था। बीती रात्रि उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी और उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रशांत उपाध्याय एक कंपनी में काम करता था और यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसमें प्रशांत ने अपने ऊपर कुछ लोगों का कर्जा होने का जिक्र किया है। इसके अलावा उसने सुसाइड नोट में लिखा है कि वह पिछले काफी समय से आर्थिक परेशानी से जूझ रहा है, इसी कारण उस पर लाखों रुपये का कर्जा हो गया है।
सुसाइड नोट में प्रशांत ने अपनी कई अन्य निजी समस्याओं का भी जिक्र किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।