शुरुआती चरण में 82 वर्गमीटर साइज के 90 फ्लैट ई-नीलामी के जरिए आवंटित किए जाएंगे। प्राधिकरण के संपत्ति विभाग ने योजना के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं और इस बार पहली बार ई-नीलामी मॉडल अपनाया जा रहा है।

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर लेने का एक और मौका जल्द सामने आने वाला है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण मकर संक्रांति के बाद सेक्टर ओमिक्रॉन-1ए स्थित अपनी बहुमंजिला आवासीय सोसाइटी में तैयार फ्लैटों की नई योजना लॉन्च करने जा रहा है। शुरुआती चरण में 82 वर्गमीटर साइज के 90 फ्लैट ई-नीलामी के जरिए आवंटित किए जाएंगे। प्राधिकरण के संपत्ति विभाग ने योजना के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं और इस बार पहली बार ई-नीलामी मॉडल अपनाया जा रहा है।
ग्रेटर नोएडा के हाउसिंग मार्केट में प्राधिकरण एक बार फिर बड़ा कदम उठाने जा रहा है। सेक्टर ओमिक्रॉन-1 और ओमिक्रॉन-1ए की 20 मंजिला बहुमंजिला सोसाइटी में बने 58 और 82 वर्गमीटर के फ्लैट पहले लकी ड्रॉ से आवंटित किए गए थे, लेकिन अब जो यूनिट्स खाली रह गई हैं, उन्हें ई-नीलामी के जरिए देने का रास्ता चुना गया है। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा के ओमिक्रॉन-1ए इलाके में दोनों कैटेगरी मिलाकर करीब 350 फ्लैट फिलहाल खाली हैं। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद अब इन्हें चरणों में बाजार में उतारा जाएगा।
ग्रेटर नोएडा में ई-नीलामी को लेकर प्राधिकरण ने बाजार दरों का सर्वे कराने के बाद फ्लैटों का आरक्षित मूल्य तय कर दिया है। 82 वर्गमीटर वाले फ्लैट की बेस कीमत 72 लाख रुपये रखी गई है, जबकि 58 वर्गमीटर वाले फ्लैट का आरक्षित मूल्य 49.11 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। इस बार आवंटन की प्रक्रिया पूरी तरह बिडिंग आधारित होगी। ई-नीलामी में जो आवेदक सबसे ऊंची बोली लगाएगा, उसी के नाम फ्लैट आवंटित किया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO रवि कुमार एनजी ने बताया कि बहुमंजिला सोसाइटी में बने फ्लैटों की योजना इसी माह शुरू कर दी जाएगी। सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सेक्टर ओमीक्रॉन-1 और ओमीक्रॉन-1A में खाली पड़े फ्लैटों का आवंटन ई-नीलामी के जरिए चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। Greater Noida News