
Greater Noida (चेतना मंच)। स्कूली बच्चों के बीच हुई मारपीट की शिकायत लेकर एक पक्ष के लोग जब दूसरे पक्ष के पास पहुंचे तो विवाद और बढ़ गया। दूसरे पक्ष के लोगों ने शिकायतकर्ताओं के साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। पीड़ित की शिकायत पर थाना बीटा-2 पुलिस ने महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम नटो की मड़ैया निवासी सुभाष व उनके भाई सतीश के 5 व 7 वर्षीय बेटे डाढा गांव स्थित आरएम आर्य पब्लिक स्कूल में पढ़ते हैं। इसी गांव के कमल व राजीव के 4 बच्चे भी उसी स्कूल में पढ़ रहे हैं। सभी बच्चे एक ही स्कूली वैन से आते जाते हैं। गत 13 जुलाई को कमल व राजीव के बच्चों ने सुभाष के बेटों के साथ मारपीट कर दी। स्कूली वैन के चालक ने बच्चों को डांट डपट कर अलग कराया। बच्चों ने घर जाकर मारपीट की जानकारी परिजनों को दी।
इस पर सुभाष बच्चों की शिकायत करने कमल व उसके भाई मुकेश के घर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच वाद विवाद हो गया। कमल मुकेश और संगीता ने सुभाष व उसकी भाभी के साथ गाली गलौज कर मारपीट की। सुभाष का आरोप है कि आरोपियों ने इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसकी भाभी के साथ छेड़छाड़ की। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है पुलिस कर रही है।