
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा। आज दिन निकलते ही ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) स्थित सेक्टर म्यू 2 में एसीईओ (ACEO) मेघा रूपम ने दौरा किया। एसीईओ मेघा रूपम द्वारा निवासियों की समस्याएं सुनी गई और बहुत जल्द समस्याओं का निस्तारण करने का आश्वासन दिया। समय पर कार्य न करने के लिए सफाई कर्मचारी और अन्य अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। सेक्टर के पदाधिकारी द्वारा कई बार प्राधिकरण में शिकायत की जा चुकी है लेकिन अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है। लोग समस्याओं के बीच जीवन यापन करने को मजबूर हैं। दौरे के दौरान एसीईओ मेघा रूपम और अन्य अधिकारी शामिल रहे।
दरअसल ग्रेटर नोएडा स्थित सेक्टर म्यू 2 के ब्लॉक ए में चार मंजिला अपार्टमेंट बने हुए हैं। जिनकी हालत जर्जर हो चुकी है। ग्रीन बेल्ट में बड़ी-बड़ी घास और झाड़ियां खड़ी हुई हैं, जिनमे जंगली जानवर, सांप, गोहरा आदि खतरनाक जीव निवास करते हैं। सेक्टर में स्थित पार्क का रखरखाव ठीक से नहीं किया जा रहा है। सेक्टर म्यू 2 के ब्लॉक ए में 1900 फ्लैट बने हुए हैं। जिनमें करीब 1,200 परिवार रहते हैं, लेकिन निवासियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी कई बार प्राधिकरण से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती है। लेकिन अब अधिकारियों के दौरे के बाद कुछ सही कार्य किए जाने की उम्मीद जगी है।
सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष धर्मेंद्र राठी ने बताया कि सेक्टर में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है जिसकी प्राधिकरण में कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन अधिकारी सेक्टर की तरफ ध्यान नहीं देते हैं। लोगों के घरों में गैस की पाइपलाइन लगाने की परमिशन तक प्राधिकरण ने नहीं दी है। वहीं, सेक्टर में सामाजिक केंद्र और मार्केट का भी निर्माण नहीं कराया गया है। निवासियों को अगर शादी समारोह या अन्य किसी भी तरीके का प्रोग्राम करना हो तो उसके लिए 6 किलोमीटर दूर जाते हैं या फिर किसी और सेक्टर के सामाजिक केंद्रों में आयोजन करते हैं। यह सभी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखी गई जिस पर उन्होंने जल्द ही सभी समस्याओं का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
RWA टीम उपेंद्र कुमार सिंह, संरक्षक अरविंद पहलवान, अध्यक्ष धर्मेंद्र राठी, महासचिव दीपक ठाकुर, उपाध्यक्ष चंदन पंडित, सदस्य रजनीश शर्मा, अरविंद राघव एवं समस्त सेक्टर वासी मौजूद रहे।