
Noida News /ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना बीटा-2 क्षेत्र में सड़क हादसे में हुई एक महिला की मौत के मामले में परिजनों ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
मूलरूप से ग्राम आलमपुर देहा जिला मैनपुरी निवासी बृजेश कुमार ने थाना बीटा 2 में दर्ज रिपोर्ट बताया कि गत उसकी चाची श्रीदेवी पत्नी राजपाल व उनका बेटा पिंटू पैदल जा रहे थे। यूनिसेफ प्ले स्कूल के पास पीछे से तेज गति में आ रही टाटा मैक्सिमा के चालक ने उसकी चाची श्रीदेवी व पिंटू को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों घायल हो गए। वारदात को अंजाम देकर चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल श्रीदेवी व पिंटू को शारदा अस्पताल में एडमिट कराया। श्रीदेवी की बिगड़ती हालत को देखकर परिजन उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले गए। इसके बाद उन्हें आगरा के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बृजेश कुमार ने चालक प्रिंस भाटी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
दादरी जीटी रोड पर तेज गति में आ रही रोडवेज बस के चालक ने सड़क पार कर रही एक युवती को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं थाना फेस 2 क्षेत्र में तेज गति में जा रही क्रेटा कार ने एक राहगीर को टक्कर मारकर घायल कर दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गये।
ग्राम अच्छेजा निवासी कुंदन सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी भतीजी अंजलि 13 जून को अपने घर आ रही थी। जीटी रोड पर सड़क पार करते समय तेज गति में आ रहे रोडवेज के चालक ने उनकी भतीजी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अंजलि को गंभीर चोट आई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और अंजनी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
वहीं सेक्टर 168 स्थित पारस शाइन सोसाइटी निवासी पूनम तिवारी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत 8 जून की रात्रि को तेज गति में आ रही क्रेटा कार के चालक ने उनके पति राकेश तिवारी को टक्कर मारकर घायल कर दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घायल राकेश तिवारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों द्वारा उपलब्ध कराए गए बस व कार नंबर के आधार पर आरोपी चालको की तलाश की जा रही है। Noida News