
Akash Anand Marriage: गुरुग्राम। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती के भतीजे आकाश आनंद और प्रज्ञा सिद्धार्थ देर रात परिणय सूत्र बंधन में बंध गए हैं। गुरुग्राम के ए-डॉट कंवेंशन में आयोजित समारोह में दोनों ने सात फेरे लिए। कार्यक्रम में मायावती भी शामिल हुईं। उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम स्थल पर फूलों से हाथी का स्टैच्यू बनाया गया था। 29 मार्च को नोएडा में आकाश-प्रज्ञा का रिसेप्शन होगा।
बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश की शादी में कई VVIP पहुंचे। इनमें पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, बसपा महासचिव सतीश मिश्रा, हरियाणा बसपा के अध्यक्ष एडवोकेट गुरमुख सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता हैं।
आकाश की दुल्हन डॉ. प्रज्ञा पूर्व राज्यसभा सदस्य और बसपा के राष्ट्रीय महासचिव अशोक सिद्धार्थ की बेटी हैं। वह फर्रुखाबाद के कायमगंज की रहने वाली हैं। प्रज्ञा पेशे से MBBS डॉक्टर हैं। हाल ही में उन्होंने सरकारी नौकरी से इस्तीफा दिया है। वह अभी MD का कोर्स कर रहीं हैं।
प्रज्ञा के पिता अशोक सिद्धार्थ कन्नौज के गुरुसहायगंज में CHC पर नेत्र परीक्षण अधिकारी के पद पर तैनात थे। साल 2008 में उन्होंने नौकरी से VRS ले लिया था। फिर बसपा के साथ सक्रिय तौर पर जुड़ गए। बसपा की सरकार बनी, तो मायावती ने उन्हें बैकवर्ड कमीशन का सदस्य बनाया था।
आकाश की पत्नी प्रज्ञा के पिता अशोक सिद्धार्थ को 2009 में मायावती ने MLC बनाया। 2016 में उन्हें राज्यसभा सांसद बनाया गया। अभी वह राष्ट्रीय महासचिव होने के साथ ही कर्नाटक, महाराष्ट्र, दिल्ली व गुजरात के प्रभारी हैं। अशोक सिद्धार्थ चार भाई हैं। सबसे बड़े भाई नानक राम घर पर रहते हैं। दूसरे नंबर के डॉ. अनिल कुमार लखनऊ के दीनबंधु हॉस्पिटल में तैनात हैं। तीसरे नंबर पर अशोक सिद्धार्थ फिर सुनीत सिद्धार्थ हैं। अशोक सिद्धार्थ के एक बेटी प्रज्ञा और एक बेटा है।
