Gen Z की पसंद बनी टैक्स फ्री शराब, एयरपोर्ट्स पर रिकॉर्डतोड़ बिक्री
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 09:56 AM
भारत में शराब की बिक्री से सरकारों को मोटी कमाई होती है क्योंकि इस पर भारी टैक्स लगाया जाता है। इसके बावजूद शराब की खपत में कोई खास गिरावट नहीं आई है। लेकिन एक जगह ऐसी भी है जहां शराब पर एक भी रुपया टैक्स नहीं लगता और वो है देश के एयरपोर्ट्स पर मौजूद ड्यूटी-फ्री शॉप्स। यहां से सिर्फ मुसाफिर ही नहीं उड़ान भर रहे बल्कि शराब की ब्रांडेड बोतलें भी रिकॉर्ड तोड़ रफ्तार से बिक रही हैं। Duty Free Alcohol India
आईडब्ल्यूएसआर (IWSR Drinks Market Analysis) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, साल 2024 में भारत में ड्यूटी-फ्री शराब की बिक्री में 13 फीसदी की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई है, जो कि देश की स्थानीय दुकानों में हुई सिर्फ 6 फीसदी ग्रोथ से कहीं ज्यादा है। वहीं घरेलू बाजार में कुछ ब्रांड्स की बिक्री में 8 फीसदी की गिरावट भी देखी गई है।
व्हिस्की सेल में सबसे आगे
ड्यूटी-फ्री दुकानों पर बिकने वाली शराब में सबसे ज्यादा मांग व्हिस्की की रही। रिपोर्ट के अनुसार, कुल बिक्री का तीन-चौथाई हिस्सा व्हिस्की ने अपने नाम किया और इसमें 12 फीसदी की सालाना ग्रोथ देखने को मिली। इसके अलावा, 2024 में स्कॉच की बिक्री में 11%, अमेरिकन स्टैंडर्ड व्हिस्की में 8%, और भारतीय व्हिस्की की बिक्री में 10% की वृद्धि दर्ज की गई। खास बात ये रही कि वोदका की बिक्री में सबसे ज्यादा 48 फीसदी का उछाल देखा गया जो घरेलू बाजार की तुलना में तीन गुना ज्यादा है।
Gen Z और बढ़ती इनकम बनी बड़ी वजह
IWSR की रिपोर्ट बताती है कि भारत में ड्यूटी-फ्री शराब की बिक्री में इस उछाल के पीछे सबसे बड़ा हाथ जेनरेशन Z और मिलेनियल्स का है। ये युवा वर्ग न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स को पहचानता है बल्कि उनके लिए प्रीमियम और एक्सपीरियंस-बेस्ड खरीदारी भी अहम है। IWSR की सीनियर इनसाइट मैनेजर, चार्लोट रीड के मुताबिक, आने वाले 5 वर्षों में भारत से हवाई यात्रा करने वालों की संख्या में 50 फीसदी की बढ़ोतरी की उम्मीद है जो ग्लोबल ट्रैवल रिटेल मार्केट (GTR) के लिए भारत को एक महत्वपूर्ण बाजार बना देगा।
एयरपोर्ट्स बन रहे हैं ब्रांड्स के लिए नया शो-रूम
रेडिको खेतान के सीओओ अमर सिन्हा ने कहा कि हवाई अड्डे अब केवल ट्रैवल हब नहीं रहे बल्कि ये प्रीमियम ब्रांड्स के लिए एक बेहतर मार्केटिंग प्लेटफॉर्म बन गए हैं। यात्री एयरपोर्ट पर बिताए समय में ब्रांड्स को नजदीक से देख-समझकर फैसले लेते हैं जिससे प्रीमियम और लग्जरी कैटेगरी की बिक्री को बढ़ावा मिल रहा है।
भारत का बढ़ता हुआ मध्यम वर्ग।
लोगों की बढ़ती डिस्पोजेबल इनकम।
विदेशी ब्रांड्स को लेकर जागरूकता में इजाफा।
युवा वर्ग की प्रीमियम लाइफस्टाइल में रुचि।
इन सभी कारणों से एयरपोर्ट्स पर ड्यूटी-फ्री शराब की बिक्री नई ऊंचाइयों को छू रही है और ऐसा लगता है कि आने वाले समय में यह ग्रोथ और भी तेज हो सकती है। Duty Free Alcohol India