
पूर्वोत्तर के हरे-भरे और सुरम्य राज्यों में शुमार मिजोरम अब सीधे दिल्ली से रेल मार्ग द्वारा जुड़ गया है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैराबी-सैरांग रेलवे परियोजना का उद्घाटन किया और सैरांग से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल तक दौड़ने वाली नई राजधानी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। मिजोरम की राजधानी आइजॉल से केवल 18 किलोमीटर दूर स्थित सैरांग स्टेशन अब राज्य और राष्ट्रीय राजधानी के बीच पहला सीधा रेल लिंक बन गया है। इस ऐतिहासिक कदम से न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ी है, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर के लिए यह एक गर्व और उपलब्धि का पल भी है। अब मिजोरम की हरी-भरी वादियों से दिल्ली तक की यात्रा और आसान, तेज और रोमांचक हो गई है। Mizoram-Delhi Rajdhani Express
नई राजधानी एक्सप्रेस का नाम सैरांग-आनंद विहार टर्मिनल राजधानी एक्सप्रेस (20507/20508) रखा गया है। यह ट्रेन 2,512 किलोमीटर का लंबा सफर तय करते हुए मिजोरम और दिल्ली को सीधे जोड़ती है। इससे पहले दिल्ली से मिजोरम की यात्रा सिर्फ हवाई जहाज या लंबी सड़क यात्रा के जरिए ही संभव थी, लेकिन अब यात्रियों के लिए यह सफर न केवल आसान और तेज़ हो गया है, बल्कि रोमांचक अनुभव में भी बदल गया है।
नई राजधानी एक्सप्रेस अब दिल्ली और मिजोरम के बीच 18 प्रमुख स्टेशनों पर ठहरते हुए अपनी यात्रा तय करेगी। इस मार्ग में बैराबी, हैलाकांडी, बदरपुर जंक्शन, न्यू हाफलांग, होजाई, गुवाहाटी, रंगिया जंक्शन, बरपेटा रोड, न्यू बोंगाईगांव, न्यू कूचबिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, मालदा टाउन, साहिबगंज जंक्शन, भागलपुर, जमालपुर, पटना, डी.डी. उपाध्याय जंक्शन और कानपुर सेंट्रल शामिल हैं। इस रूट के जरिए न सिर्फ पूर्वोत्तर और देश के बड़े शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि यात्रियों को सफर के दौरान भारत के विविध हिस्सों की झलक देखने का मौका भी मिलेगा।
20507 सैरांग-आनंद विहार टर्मिनल राजधानी एक्सप्रेस: सैरांग से हर शुक्रवार को दोपहर 4:30 बजे रवाना, रविवार सुबह 10:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
20508 आनंद विहार टर्मिनल-सैरांग राजधानी एक्सप्रेस: दिल्ली से हर रविवार शाम 7:50 बजे चलेगी और मंगलवार दोपहर 3:15 बजे सैरांग पहुंचेगी।
ट्रेन में एसी फर्स्ट क्लास, एसी टू टियर और एसी थ्री टियर कोच उपलब्ध हैं। पूरे मार्ग का किराया इस प्रकार है:
एसी थ्री टियर (3A): 3,625 रुपये
एसी टू टियर (2A): 4,820 रुपये
एसी फर्स्ट क्लास (1A): 7,890 रुपये
नई राजधानी एक्सप्रेस के शुरू होने से मिजोरम और दिल्ली के बीच यात्रा अब अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक हो गई है। राजधानी एक्सप्रेस अपनी समयबद्धता और आधुनिक सुविधाओं के लिए जानी जाती है। इससे न सिर्फ मिजोरम की राजधानी आइजॉल और दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी नई गति मिलेगी। Mizoram-Delhi Rajdhani Expres