Noida News : नसबंदी के बाद पुरुष तीन माह तक बरतें सतर्कता
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 02:12 PM
Noida News : नोएडा । पुरुष नसबंदी के बाद परिवार नियोजन (Family Planning) के लिए तीन महीने तक एहतियात रखना जरूरी है क्योंकि तीन महीने तक गर्भ ठहरने की आशंका रहती है। इसलिए पुरुष नसबंदी के बाद तीन महीने तक परिवार नियोजन का कोई भी अस्थाई साधन अपनाना आवश्यक है। यह कहना है जिला अस्पताल में तैनात शल्य चिकित्सक डॉ. शबीह मजहर का। डॉ. मजहर जनपद की एक मात्र महिला शल्य चिकित्सक हैं, जो पुरुष नसबंदी भी करती हैं।डा. शबीह ने बताया पुरुष नसबंदी के बाद परिवार नियोजन के लिहाज से कम से कम तीन महीने तक एहतियात बरतना जरूरी होता है, क्योंकि तीन महीने तक शुक्राशय में शुक्राणु सक्रिय रहते हैं।
यदि इस बीच शारीरिक संबंध बनाये जाते हैं तो महिला के गर्भ ठहरने का डर बना रहता है। उन्होंने बताया हालांकि नसबंदी करने के बाद पुरुष को इसके बारे में हिदायत दे दी जाती है, साथ ही बताया जाता है। उन्होंने बताया पुरुषों में प्राकृतिक रूप से तीन महीने तक शुक्राशय में शुक्राणु सक्रिय रहते हैं।
गलत फहमी के चलते नहीं कराते पुरुष नसबंदी
डा. शबीह कहती हैं घर संभालने का मामला हो, या परिवार संभालने की बात हो, अथवा परिवार नियोजन का मुद्दा हो, हर दम समाज का हर तबका महिलाओं को आगे कर देता है। नसबंदी के मामले में तो पुरुषों की भागीदारी बहुत कम है। सरकार द्वारा तमाम जागरूकता कार्यक्रम चलाये जाने के बाद भी इसको लेकर गलत फहमी और भ्रांतियां बरकरार हैं। जहां पढ़े लिखे लोगों को लगता है कि नसबंदी कराने के बाद उन्हें शारीरिक कमजोरी हो जाएगी और संबंध बनाने में दिक्कत आएगी वहीं मजदूर वर्ग समझता है कि नसबंदी के बाद शारीरिक कमजोरी के चलते वह काम करने लायक नहीं रहेगा और उसके सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो जाएगा।