Noida News : सांसद व विधायक ने किया तीन ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 01:55 AM
नोएडा । गौतमबुद्घनगर के सांसद तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा (Dr Mahesh Sharma) एवं नोएडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक पंकज सिंह (Pankaj Singh) ने यहां पर दो अलग-अलग अस्पतालों में तीन ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया।सेक्टर-24 स्थित ईएसआई हॉस्पिटल (ESI Hospital) में डॉ महेश शर्मा ने अस्पताल के निदेशक व अन्य डॉक्टरों के साथ मिलकर इस अत्याधुनिक ऑक्सीजन प्लांट (Oxygen Plant) का लोकार्पण किया।
इस प्लांट की क्षमता 1 मिनट में 1000 लीटर ऑक्सीजन उत्पादन करने की है। इस मौके पर डॉ महेश शर्मा ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश में 35 से अधिक ऑक्सीजन प्लांट का वर्चुअल लोकार्पण किया है।
उन्होंने कहा कि अब ऑक्सीजन की कमी के चलते किसी की भी मौत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मैंने कोरोना काल में आक्सीजन की कमी से लोगों को तड़पते तथा दम तोड़ते देखा है। कोरोना की दूसरी लहर में हर तरह के संसाधन सरकार के पास मौजूद थे लेकिन ऑक्सीजन की इतनी बड़ी किल्लत आ जाएगी यह किसी को भी आभास नहीं था। अब ऑक्सीजन उत्पादन के मामले में देश तथा उत्तर प्रदेश पूरी तरह आत्मनिर्भर है। यदि तीसरी लहरी भी आई तो ऑक्सीजन की कमी तथा अन्य सुविधाओं की कमी के कारण किसी की मौत नहीं होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
इस प्लांट का निर्माण पीएम केयर्स फंड के तहत किया गया है|
नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने सेक्टर-30 स्थित बाल चिकित्सालय एवं स्नातकोत्तर शैक्षणिक संस्थान में दो प्लांटों का विधिवत लोकार्पण किया। उनके साथ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेन्द्र भूषण भी मौजूद थे।
दोनों प्लांट का निर्माण सीएसआर के तहत किया गया है। इस मौके पर विधायक पंकज सिंह ने प्रधानमंत्री तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) का भी आभार जताया तथा उनकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल के कारण ही ऑक्सीजन उत्पादन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश में आत्मनिर्भर होता जा रहा है। आने वाले भविष्य में कई और ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण होगा। इस मौके पर अस्पताल के निदेशक तथा अन्य डॉक्टर तथा पैरामेडिकल स्टाफ भी मौजूद था।