Noida News : चाइल्ड पीजीआई में नर्सिंग स्टाफ का विरोध प्रदर्शन
Nursing staff protest at Child PGI
भारत
चेतना मंच
23 Sep 2022 06:31 PM
Noida News : नोएडा । सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में एक स्टाफ नर्स की सेवा समाप्त करने के विरोध में नर्सिंग स्टाफ ने आज निदेशक के कक्ष का घेराव किया। नर्सिंग स्टाफ ने धरना देकर मांग की कि स्टाफ नर्स की बहाली की जाए। नर्सिंग स्टाफ द्वारा किए गए कार्य बहिष्कार से इलाज कराने पहुंचे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
Noida News :
पीजीआईसीएच में नर्सिंग स्टाफ कर्मी सुरेंद्र गोरा पिछले 3 वर्षों से आउट सोर्स एजेंसी के माध्यम से कार्यरत है। राजस्थान के रहने वाले सुरेंद्र गोरा की पत्नी की तबीयत खराब होने पर पडोसियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके बाद सुरेंद्र गोरा 16 सितंबर को नर्सिंग इंचार्ज को सूचित कर अपने घर गया था। सुरेंद्र गोरा ने 17 सितंबर को नर्सिंग प्रभारी अधिकारी डॉ नाज परवीन को छुट्टी के लिए मेल भी कर दिया था। 4 दिन बाद सुरेंद्र गोरा ने 21 सितंबर को आकर ड्यूटी की। 22 सितंबर को सुबह उन्हें निष्कासित करने का नोटिस जारी कर दिया गया। नर्सिंग स्टाफ का आरोप है कि बिना जांच कमेटी के निष्कासित किए जाने का आदेश जारी किया गया है जबकि सुरेंद्र गोरा का कार्यकाल पूरी तरह बेदाग रहा है और 3 वर्ष के दौरान किसी भी मरीज ने उनकी कोई शिकायत नहीं की है। इस संबंध में नर्सिंग स्टाफ यूनियन की गुरुवार को हुई बैठक में निर्णय लिया गया था कि शुक्रवार (आज) सभी कर्मचारी इस निर्णय के विरोध में काला फीता बांधकर काम करेंगे और अपना विरोध दर्ज कराएंगे। आज सुबह कोई सुनवाई न होने पर नर्सिंग स्टाफ ने कार्य का बहिष्कार किया और निदेशक के कक्ष का घेराव कर नारेबाजी की।