
Top 10 News Today / नोएडा। देश, प्रदेश और विदेश की आज की टॉप 10 खबरें लेकर चेतना मंच की ओर से प्यारभरी गुड मार्निंग। आपका पूरा दिन मौज मस्ती से गुजरे और तमाम खुशियां लेकर आए, ऐसी हमारी मंगलकामनाएं हैं। इन 10 खबरों में हम आपको बताएंगे कि आज आपके लिए कौन सी खबर काम की रहने वाली है। यह काम की खबर बेहद ही खास है। इसके अलावा देश और प्रदेश की राजनीतिक, सामाजिक और अपराधिक दृष्टि से महत्वपूर्ण खबरों पर भी हम यहां नजर डालेंगे।
आज दिन शनिवार है और माह की अंतिम तारीख यानि 30 सितंबर है। बैंकों में दो हजार रुपए के नोट जमा करने और बदलने की आज आखिरी तारीख है। RBI ने 19 मई को 2000 के नोट को सर्कुलेशन से बाहर करने की घोषणा की थी। साथ ही इन नोटों को 30 सितंबर तक बैंक में जमा करने या बदलने का सुझाव दिया था। हालांकि, इसके बाद भी ये नोट लीगल बने रहेंगे। रिजर्व बैंक के मुताबिक, 1 सितंबर तक 2000 के 90% यानी 3,056 अरब रुपए के नोट बैंकों में लौट आए हैं।
आपको बता दें कि इस डेडलाइन को एक महीने के लिए बढ़ाया जा सकता है। मनी कंट्रोल ने RBI के सीनियर अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी है। अधिकारी के मुताबिक, नॉन-रेजिडेंट इंडियंस (NRI) और विदेश में रहने वाले दूसरे लोगों को ध्यान में रखकर ऐसा किया जाएगा। अभी भी ₹2000 के 7% यानी 25 हजार करोड़ रुपए के नोट बैंकों में वापस नहीं आए हैं।
कैट 2023 यानी कॉमन एडमिशन टेस्ट के लिए आवेदन करने का आज आखिरी मौका है। रजिस्ट्रेशन विंडो आज शाम 5 बजे तक बंद कर दी जाएगी. ऐसे में स्टूडेंट आधिकारिक वेबसाइट iimcat.ac.in से इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। भारत भर के प्रतिष्ठित आईआईएम (IIMs) और अन्य प्रसिद्ध बी-स्कूलों ( B-schools) में प्रवेश पाने के लिए हर साल कैट परीक्षा का आयोजन किया जाता है. इस साल यह परीक्षा आईआईएम लखनऊ द्वारा आयोजित की जा रही है। कैट रजिस्ट्रेशन विंडो के बंद हो जाने के बाद भी जिन छात्रों ने आवेदन प्रक्रिया के दौरान शुल्क का भुगतान किया है, वे एडिट विंडो के माध्यम से अपने फोटोग्राफ, सिग्नेचर और टेस्ट सिटी के प्रीफरेंस में बदलाव कर सकेंगे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। राहुल गांधी शनिवार की शाम एमपी के शाजापुर इलाके में विशाल जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। राहुल गांधी के इस दौरे को बेहद ही खास मना जा रहा है, क्योंकि मध्य प्रदेश के जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं द्वारा जहां तैयारी की जा रही है, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं।
महिला आरक्षण बिल 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजूरी दे दी है। अब यह कानून बन गया है। सरकार ने इसका गजट नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। इसके तहत लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में 33% सीटें महिलाओं के लिए रिजर्व की जाएंगी। हालांकि, यह कानून अगली जनगणना और परिसीमन पूरा होने के बाद ही लागू होगा। ऐसा होने में कई साल लग सकते हैं।
18 से 21 सितंबर तक चले संसद के विशेष सत्र में यह बिल पास हुआ। 20 सितंबर को लोकसभा में इस पर 7 घंटे चर्चा हुई। इसके बाद हुई वोटिंग में बिल के पक्ष में 454 और विपक्ष में सिर्फ 2 वोट पड़े थे। 21 सितंबर को राज्यसभा में इस पर चर्चा हुई। वहां हुई वोटिंग में बिल सर्वसम्मति से पास हुआ, यानी इसके खिलाफ कोई वोट नहीं पड़ा। नई संसद में पास होने वाला यह पहला बिल है।
पाकिस्तान में ईद-ए-मिलाद के दिन 2 सुसाइड ब्लास्ट हुए। पहला धमाका बलूचिस्तान के मस्तुंग शहर में एक मस्जिद के पास हुआ। यहां लोग जुलूस के लिए इकट्ठे हो रहे थे। ब्लास्ट में DSP समेत 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई, जबकि 92 लोग घायल हुए। दूसरा धमाका खैबर पख्तूनख्वा के हंगू शहर की मस्जिद में हुआ। यहां एक पुलिस ऑफिसर समेत 4 लोगों की मौत हुई। धमाके से मस्जिद की छत गिर पड़ी, जिसमें कई लोग दब गए।
एक देश एक चुनाव को लेकर चल रही केंद्र सरकार की मुहिम के बीच देश के लॉ कमीशन ने कहा है कि 2029 में लोकसभा चुनावों के साथ सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव भी कराए जा सकते हैं। इसके लिए राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल घटाना या बढ़ाना होगा। 22वें लॉ कमीशन के अध्यक्ष जस्टिस ऋतुराज अवस्थी के मुताबिक, इस मुद्दे पर काम अभी जारी है। फाइनल रिपोर्ट बनाने से पहले कमीशन को कुछ और मीटिंग भी करनी होंगी।
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से मुलाकात की है। इस दौरान खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का मुद्दा भी उठा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्लिंकन ने भारत सरकार से मामले की जांच में सहयोग करने के लिए कहा है। वहीं, जयशंकर ने बताया कि उन्होंने भी कनाडा के साथ जारी तनाव के बारे में अमेरिका से चर्चा की।
खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद से कनाडा और भारत के बीच तनातनी जारी है। जहां एक तरफ कनाडा लगातार भारत पर निज्जर की हत्या का आरोप लगा रहा है तो वहीं भारत कड़े शब्दों में इसका खंडन कर चुका है। इस बीच कनाडा में पढ़ रहे भारतीय छात्रों के अभिभावकों की टेंशन बढ़ गई है। उन्होंने डर है कि कहीं दोनों देशों के बीच बिगड़ते रिश्ते से उनके बच्चों का करियर खराब न हो जाए।
नोएडा में रहने वाले कपिल मोहन शर्मा भी ऐसे ही एक पेरेंट्स में से एक हैं। जिन्होंने लगभग ढाई साल पहले कोरोना काल के दौरान 20 लाख का लोन लेकर अपने बेटे को कनाडा में होटल मैनेजमेंट का कोर्स करने के लिए भेजा था। उम्मीद थी कि जल्द कोर्स कंप्लीट करके बच्चा अपने पैरों पर खड़ा होगा, लेकिन पिछले कई दिनों से कनाडा को लेकर जो खबरें सामने आ रही हैं, उससे उनकी चिंताएं बढ़ गई हैं.
दिल्ली में शराब की दुकान चलाने वालों के लिए सरकार ने शुक्रवार को एक अधिसूचना जारी की है। इसमें सभी लाइसेंसधारियों से लाइसेंस को पांच अक्टूबर तक रिन्यू करने को कहा गया। दरअसल, नई शराब नीति लाने में लगने वाले समय के कारण सरकार ने अपनी मौजूदा एक्साइज पॉलिसी को छह महीने तक बढ़ाने का फैसला किया है।
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली सरकार और उपराज्यपाल से अपेक्षित मंजूरी के बाद नीति को 31 मार्च, 2024 तक बढ़ा दिया गया है। अधिसूचना में कहा गया है कि एल15/एल-15एफ और एल-16/एल-16एफ के सभी लाइसेंसधारियों को निर्देश दिया जाता है कि वे लाइसेंस रिन्यूवल के साथ अपनी आईडी और पासवर्ड के माध्यम से ईएससीआईएमएस पोर्टल में अपने खातों तक पहुंच कर लाइसेंस को रिन्यू कराने के लिए अपने आवेदन 5 अक्टूबर तक ऑनलाइन जमा करें।
ऐसा माना जाता रहा है कि इंडिया गठबंधन के ज़्यादातर नेता चाहते हैं कि मायावती को भी गठबंधन का हिस्सा बनाया जाए ताकि विपक्षी एकता और ज़्यादा मजबूत हो सके। इस कयास का अंदाजा जद (यू) के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता के सी त्यागी के बयान से लगाया जा सकता है जहां उन्होंने कहा था,”जद (यू) और हमारे नेता नीतीश कुमार वर्तमान सरकार के खिलाफ पूर्ण विपक्षी एकता चाहते हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी समय-समय पर यही विचार व्यक्त करते रहे हैं। अब यह फैसला करना मायावती पर है कि क्या वह इंडिया गठबंधन और भाजपा से एक साथ लड़ना चाहती हैं? क्योंकि कोई दोनों से नहीं लड़ सकता, अगर वह इंडिया गठबंधन चुनती है तो हम उनका स्वागत करेंगे। लेकिन अगर वह कांग्रेस और सपा पर हमला करती रहेंगी तो वह इंडिया ब्लॉक का हिस्सा नहीं बन सकतीं।”