हाईटेंशन तार या मौत की रस्सी! नोएडा में भयंकर हादसा
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 08:57 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 08:57 PM
Noida News : नोएडा के सेक्टर-81 में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। नोएडा के सेक्टर-81 में शुक्रवार देर रात 24 वर्षीय ट्रक चालक नासिर की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। करंट इतना तेज था कि उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया और सिर धड़ से अलग हो गया।
तेज करंट से हुई मौके पर मौत
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब नासिर किसी काम के लिए ट्रक की छत पर चढ़ा। छत से ठीक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से उसका संपर्क हुआ और तेज करंट ने उसकी जान ले ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई।
माल लोडिंग के सिलसिले में आया था नोएडा
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान राजस्थान के तिजारा क्षेत्र के ढाकपारी गांव निवासी नासिर पुत्र हमीद के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक चालक था और नोएडा में माल लोडिंग के सिलसिले में आया हुआ था।
पुलिस ने किया घटनास्थल का मुआयना
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की और सबूत एकत्र किए। नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया सेल की ओर से बताया गया कि नासिर ट्रक की छत पर चढ़ा था, जहां दुर्भाग्यवश वह हाई वोल्टेज लाइन के संपर्क में आ गया। शव का पंचायतनामा भरने के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है।
स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं कि आखिर रिहायशी या व्यावसायिक इलाके से इतनी निचली ऊंचाई पर हाईटेंशन लाइन क्यों गुजर रही थी? क्या इस हादसे से पहले भी ऐसे मामले सामने आए थे? क्या सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था? नासिर की मौत ने सिर्फ एक परिवार को नहीं तोड़ा, बल्कि यह सवाल भी खड़े कर दिए हैं कि हाईटेंशन लाइन जैसी खतरनाक व्यवस्थाओं को लेकर अब तक कितनी लापरवाही बरती जा रही है।