नोएडा प्राधिकरण का एक्शन, एजेंसी का पार्किंग ठेका निरस्त, एक करोड़ का बकाया
नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 05:00 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 05:00 PM
Noida News : बकाया नहीं देने पर नोएडा प्राधिकरण ने एक एजेंसी को ब्लैक लिस्ट कर उससे अनुबंध समाप्त कर दिया है। अब प्राधिकरण इन सेक्टरों में पार्किंग संचालित कराने के लिए नए सिरे से टेंडर जारी करेगा।
नोएडा ट्रैफिक सेल के अधिकारियों ने बताया कि पार्किंग के लिए क्लस्टर नंबर-8 का टेंडर मैसर्स आयुष पार्किंग सर्विस को दिया गया था। इस क्लस्टर के तहत सेक्टर-73, 74, 75, 76, 77, 78, 79, 94 और 120 की सडक़ों पर पार्किंग शुरू की गई थी। सेक्टर-94 में सुपरनोवा बिल्डिंग के पीछे पार्किंग चलती है। इन सभी जगह करीब 800 वाहन खड़े करने की क्षमता है।
अधिकारियों ने बताया कि अनुबंध के तहत एजेंसी को संबंधित स्थानों पर पार्किंग चलाने के लिए हर महीने 14 लाख रुपये प्राधिकरण के खाते में जमा कराने थे लेकिन ठेका लेने के कुछ महीने बाद ही पैसे देने बंद कर दिए। ऐसे में एजेंसी पर करीब 1 करोड़ रुपये बकाया हो गए। बकाया लेने के लिए प्राधिकरण ने कई बार नोटिस जारी किए लेकिन उसने बकाया जमा नहीं कराया। कुछ महीने पहले एजेंसी की ओर से 50 लाख रुपये की राशि के तीन चेक दिए गए लेकिन वह भी बाउंस हो गए। ऐसे में प्राधिकरण ने अब एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करते हुए अनुबंध खत्म करने का निर्णय लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी की प्राधिकरण के पास 42 लाख रुपये की ईएमडी जमा है। उसको जब्त कर लिया जाएगा। बाकी पैसे के लिए डीएम को पत्र लिखककर आरसी जारी कराई जाएगी। अब संबंधित स्थानों पर नई एजेंसी के जरिए पार्किंग शुरू कराने के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। टेंडर जारी कर एजेंसी चयन की प्रक्रिया में कुछ महीने का वक्त लगेगा। Noida News