Noida Crime : एमबीबीएस में दाखिले के लिए दिए 42 लाख
noida Crime news
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 09:38 PM
शारदा मेडिकल कॉलेज व सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज में दाखिले का देते थे झांसा
Noida Crime : नोएडा । थाना सेक्टर-58 पुलिस ने सेक्टर-62 में ऑफिस खोल कर युवाओं को एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर उनके परिजनों से ठगी करने वाले पांच शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है। जबकि उनके 8 साथी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पकड़े गए अभियुक्तों ने कई लोगों से ठगी करना स्वीकार किया है ठगी का शिकार हुए 3 लोगों ने थाने में शिकायत की है। एडिशनल डीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि एसीपी रजनीश वर्मा तथा थाना सेक्टर-58 के थाना प्रभारी विनोद कुमार और उनकी टीम ने पांच जालसाजों को गिरफ्तार किया है। जो सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज आगरा तथा शारदा मेडिकल कॉलेज ग्रेटर नोएडा में एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूल रहे थे।
उन्होंने बताया कि थाना में वादी जितन अली निवासी दिल्ली तथा राजेश सांडियाल , कुंदन रावत ने अपने बच्चों को एमबीबीएस में एडमिशन दिलाने के नाम पर 42 लाख रुपए दिए। लेकिन उनके बच्चों को एडमिशन नहीं कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ठगी करने वाले एचआर मैनेजर अवनीश श्रीवास्तव ,दिव्या मिश्रा पत्नी सौरभ द्विवेदी निवासी गौर सिटी, निधि मारवाह पुत्री सुनील मारवाह, कुंदन ओझा पुत्री आधा प्रसाद निवासी मोहन नगर, दीपेश सिंह पुत्र शिव सिंह निवासी रामबाग कॉलोनी अलीगढ़ को उनके कार्यालय सेक्टर-62 सी ब्लॉक टावर नंबर ए के ऑफिस नंबर 811 और 810 से धर दबोचा ।
जबकि उनके साथी उज्जवल सिंह सीईओ , शैलेंद्र सिंह ब्रांच हेड, अरनव सिंह एडिशनल हेड, रितेश सिंह सेंट्रल हैंड ,रितु गुप्ता कोऑर्डिनेटर ,शशिकांत ,कुंदन, हीरालाल मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पकड़े गए अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज आगरा , शारदा मेडिकल कॉलेज ग्रेटर नोएडा में एडमिशन दिलाने के नाम पर मोटी रकम लेक ठगी कर रहे थे। उन्होंने काफी लोगों से एडमिशन के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया है। पुलिस उनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है जो फरार हो गए।