नोएडा और ग्रेटर नोएडा जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में बढ़ती आपराधिक घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। बदलते दौर में अपराध के तरीके भी लगातार बदल रहे हैं, ऐसे में हर घटना के पीछे की सच्चाई, पुलिस की कार्रवाई और मामले से जुड़े हर पहलू को समझना बेहद जरूरी है।

Noida News : नोएडा और ग्रेटर नोएडा जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में बढ़ती आपराधिक घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। बदलते दौर में अपराध के तरीके भी लगातार बदल रहे हैं, ऐसे में हर घटना के पीछे की सच्चाई, पुलिस की कार्रवाई और मामले से जुड़े हर पहलू को समझना बेहद जरूरी है। हमारा उद्देश्य अपराध की खबरों को केवल सुर्खियों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि जिम्मेदार पत्रकारिता के साथ हर घटना की वास्तविक तस्वीर पाठकों के सामने रखना है। Noida News
नोएडा (चेतना मंच)। शहर में झपटमारी की दो अलग-अलग घटनाओं के मामले पुलिस के सामने आए हैं। बाइक सवार झपटमार महिला से मंगलसूत्र तथा एक युवक से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना बिसरख में दर्ज कराई रिपोर्ट में मेफेयर रेजेंसी स्थित सी-टावर निवासी स्वाति चौहान ने बताया कि 23 जुलाई की रात्रि वह बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार युवक ने उनके गले पर झपट्टा मारा और मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया। अंधेरा तथा बाइक की गति तेज होने के कारण वह उसका नंबर नोट नहीं कर पाईं। पीडि़ता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं झपटमारी की दूसरी घटना थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में हुई। सेक्टर-104, हाजीपुर निवासी जफर हुसैन ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह 16 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे पैदल जा रहे थे। गली नंबर-5 में दो अज्ञात व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से आए और उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि दोनों ही मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना बादलपुर क्षेत्र में बीते दिनों एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में उसके पिता ने अपनी पुत्रवधू और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीडि़त के अनुसार, बेटी की शादी के लिए घर में रखे गए लाखों रुपये उनकी बहू ने गायब कर दिए। रुपयों के विवाद में उनके बेटे पर उसकी पत्नी तथा ससुराल वालों ने दबाव बनाया, जिस कारण उसने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। छपरौला में रहने वाले जागरतन ने थाना बादलपुर में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनके भाई ने अपनी बेटी की शादी के लिए 13.5 लाख रुपये घर में रखे थे। इस बात की जानकारी उनके बेटे हरेंद्र तथा पुत्रवधू पूजा को थी। बीते दिनों उनके भाई ने अपने पैसे वापस मांगे। उन्होंने जब अलमारी खोली तो उन्हें धनराशि गायब मिली। जागरतन के मुताबिक बाद में पता चला कि उनकी बहू पूजा ने घर में रखी रकम में से कुछ हिस्सा अपनी मां को दिया तथा कुछ राशि अपने खाते में जमा कराई। शिकायत के अनुसार, बहू ने बैंक में एफडी भी कराई और वेव सिटी में अपने नाम से एक फ्लैट भी बुक करा लिया। पीडि़त के मुताबिक उनकी बहू के किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आने के बाद परिवार में तनाव बढ़ गया। शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी बहू और उसके परिजनों ने उनके बेटे हरेंद्र पर तलाक देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया, जिससे वह परेशान रहने लगा। मानसिक तनाव के चलते हरेंद्र ने 11 जुलाई को सल्फास खा लिया। गंभीर स्थिति में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 12 जुलाई को उसकी मौत हो गई। पीडि़त पिता का आरोप है कि बेटे की मौत होने के बाद भी उसके ससुराल से कोई शोक व्यक्त करने तक नहीं आया। जागरतन ने अपने बेटे की मौत के लिए उसकी पत्नी तथा ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के सेक्टर-10 स्थित एक साइट ऑफिस में विवाद, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में रश्मि सिंह भदौरिया ने बताया कि वह 4 अगस्त की दोपहर अपने रेनॉक्स साइट ऑफिस, सेक्टर-10 में बैठी थीं। इसी दौरान ऑफिस में काम करने वाले सुमित शर्मा निवासी ग्राम सैनी ने साइट पर काम कर रहे धर्मेंद्र व बाबू मिस्त्री से अभद्र भाषा में बात की। धर्मेंद्र ने इसका विरोध किया तो सुमित ने उसके साथ हाथापाई करते हुए गाली-गलौज की। शोर-शराबा सुनकर वह ऑफिस से बाहर आईं और सुमित से गाली देने के लिए मना किया। इस दौरान सुमित ने फोन कर अपने भाई अमित शर्मा को मौके पर आने के लिए कहा। कुछ देर बाद अमित एक कार से मौके पर पहुंचा, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति भी मौजूद था। पीडि़ता के अनुसार, अमित, सुमित और उनके साथी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मौके पर मौजूद ऑफिस के अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि तीनों आरोपियों ने जाते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Noida News
नोएडा (चेतना मंच)। एलआईसी पॉलिसी बंद कराने और नई पॉलिसी शुरू कराने के नाम पर रकम हड़पने का मामला सामने आया है। सेक्टर-12 निवासी विकास कुमार ने थाना ईकोटेक-3 में एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। सेक्टर-12 ग्रेटर नोएडा में रहने वाले विकास कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि हिमांशु कालिया नामक व्यक्ति ने एलआईसी पॉलिसी बंद कराने तथा नई पॉलिसी शुरू कराने के लिए अपने बैंक खाते में रकम ट्रांसफर करने को कहा। पीडि़त के मुताबिक, उसने हिमांशु कालिया के कहने पर 22 मई और 29 जून समेत अलग-अलग तारीखों पर उसके द्वारा दिए गए खातों में पैसे ट्रांसफर किए। पीडि़त विकास कुमार का आरोप है कि हिमांशु कालिया ने उसके द्वारा दिए गए पैसे एलआईसी में जमा नहीं कराए और न ही रकम की कोई रसीद उपलब्ध कराई गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि क्रेडिट कार्ड के माध्यम से भी रकम का लेनदेन हुआ। इस मामले में पीडि़त ने 3 अगस्त को साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। Noida News
नोएडा (चेतना मंच)। थाना फेस-3 क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी स्थित जगन्नाथ रथ के सामने खड़ी भीड़ में शामिल एक महिला की सोने की चेन चोरी हो गई। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-120, नोएडा निवासी मृणमयी मौलिक ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह 24 जुलाई की शाम गढ़ी चौखंडी स्थित जगन्नाथ रथ के सामने खड़ी थीं। इस दौरान वहां काफी भीड़ मौजूद थी। इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली। पीडि़ता के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चेन का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने थाना फेस-3 में शिकायत देकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। Noida News
रबूपुरा (चेतना मंच)। रबूपुरा थाना क्षेत्र में पाइप में सीमेंट भरने को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीडि़त अमित कुमार निवासी रबूपुरा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। रघुपुर निवासी अमित कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 3 अगस्त की शाम उनके भाई गौरव और उनके पिता सुभाष चंद्र अपने मकान पर मौजूद थे। इसी दौरान प्रेमपाल पुत्र नत्थी निवासी रबूपुरा उनके मकान की पाइप में सीमेंट भरने लगा। गौरव द्वारा इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद सतवीर पुत्र बोदल सिंह, सुनील, नीरज तथा प्रेमपाल ने गौरव और सुभाष चंद्र के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। शिकायतकर्ता का कहना है कि हमले में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। आरोपी मारपीट करने के बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीडि़त अमित कुमार के मुताबिक, मारपीट की पूरी घटना घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। उन्होंने पुलिस से अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। Noida News
विज्ञापन