
Noida News नोएडा शहर में यदि किसी को भी इमरजेंसी में मद्द चाहिए तो बस एक बटन दबाने की जरूरत है। नोएडा प्राधिकरण ने इसके लिए शहर में लगभग 76 लोकेशन पर एसओएस इमरजेंसी बॉक्स लगाए हैं।
नोएडा प्राधिकरण द्वारा महिलाओं की सुरक्षा तथा दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों की मदद के लिए 76 स्थानों पर टै्रफिक लाइट के पोल में यह बॉक्स लगाये गये हैं। सडक़ पर कोई दुर्घटना होती है या किसी की तबियत खराब हो जाए या फिर गाड़ी चोरी हो जाए तो फिर तुरंत एसओएस इमरजेंसी बॉक्स में बने 'हेल्प' का बटन दबाकर जल्द मदद पा सकते हैं।
हेल्प बटन को कोई दबाएगा तो सीधे कमांड कंट्रोल रूम में बैठे ऑपरेटर से कनेक्ट हो जाएगा। बॉक्स के स्पीकर से ऑपरेटर पीडित से बात कर पाएगा और उसे किस प्रकार की मदद चाहिए उस तक पहुंचाएगा। प्राधिकरण ने सेक्टर-25 चौराहे, डीएम आवास के पास के अलावा नोएडा में लगभग 76 लोकेशन में एसओएस बॉक्स लगाये हैं। लेकिन अभी भी शहरवासियों को इसके बारे में काफी कम जानकारी है। प्राधिकरण सूत्रों के मुताबिक शहर के अन्य स्थानों पर भी एओएस इमरजेंसी बॉक्स लगाने की योजना है ताकि किसी भी तरह की इमरजेंसी में शहर वासियों को मदद मिल सके।