
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में शुक्रवार को दिन निकलते ही एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां की एक सोसायटी में माता पिता गहरी नींद में सो रहे थे। दंपत्ति को पता भी नहीं था कि उनका 5 साल का बेटा कब नींद से जाग गया और सदा के लिए उन्हें छोड़कर चला गया। सोसायटी के सुरक्षा गार्ड ने दंपत्ति को नींद से जगाया और बालक की मौत की जानकारी दी तो पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
मामला नोएडा के सेक्टर-78 स्थित हाइड पार्क सोसायटी का है। जहां 8वीं मंजिल की बॉलकनी से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, साफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत चौहान अपने परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार की सुबह करीब पौने छह बजे परिवार के सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे कि प्रशांत का 5 साल का बेटा अक्षत चौहान नींद से जाग गया। उठने के बाद वह फ्लैट की बालकनी में पहुंच गया। बताया जाता है कि अचानक मासूम बालक अक्षत नीचे आ गिरा। सुबह की सैर पर निकले लोगों ने नीचे गिरे बालक को उठाया।
इसके बाद सोसायटी के गार्ड ने प्रशांत और उसके परिवार को हादसे की जानकारी दी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आनन फानन में परिवार बालक को मदरलैंड अस्पताल लेकर गए, जहां से बालक की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिसके बाद परिजन बच्चे को कैलाश अस्पताल ले गए। कैलाश अस्पताल में डाक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
जिस बॉलकनी से बच्चा गिरा उसमें लगी रेलिंग 4-5 फीट की है। रेलिंग में गैप भी काफी है। आशंका जताई जा रही है कि बच्चा इसी रेलिंग के बीच से गिरा होगा। फिलहाल पुलिस मौके पर है और जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं परिवार सदमे में है उनका रो-रो कर बुरा हाल है। Noida News