
Noida News (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-58 में एक महिला ने अपने पति के खिलाफ सोशल मीडिया पर उसके आपत्तिजनक फोटो डालने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का पिछले 4 सालों से अपने पति के साथ न्यायालय में केस चल रहा है।
सेक्टर-58 में कार्यरत महिला ने बताया कि इंस्टाग्राम पर उसके आपत्तिजनक फोटो डाले जा रहे हैं। महिला का आरोप है कि यह कार्य उसका पति सतीश मिश्रा कर रहा है। सतीश मिश्रा के साथ उसका पिछले 4 सालों से घरेलू हिंसा व बेटे की कस्टडी का कोर्ट में केस चल रहा है। महिला का कहना है कि उसका पति ही उसके आपत्तिजनक फोटो डालकर उसको बदनाम कर रहा है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
छीजारसी कॉलोनी निवासी सोहन सिंह ने बताया कि वह तथा उसकी पत्नी एसजेएम हॉस्पिटल के पास भुट्टा बेच रहे थे इस दौरान उनकी 3 साल की बेटी पास में ही खेल रही थी। कुछ देर बाद उनकी बेटी खेलते खेलते गायब हो गई। उन्होंने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पीड़ित की शिकायत पर थाना सेक्टर 63 पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं थाना बिसरख क्षेत्र के इको विलेज 2 सुपर टेक सोसाइटी से एक युवती लापता हो गई युवती के पिता ने ऊबेर नामक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सेक्टर 15 बी ब्लॉक में रहने वाले जयदीप गुप्ता ने बताया कि सुबह के समय वह बाथरूम में थे और कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। कुछ देर बाद जब बाथरूम से बाहर निकले तो उन्हें कमरे में रखा लैपटॉप नहीं मिला। पड़ोस के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर पता चला कि एक युवक उनके कमरे से लैपटॉप ले गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। Noida News