Noida News : कांग्रेस में किसी ‘बाहरी’ को प्रत्याशी ना बनाया जाए
भारत
चेतना मंच
14 Dec 2021 08:44 PM
नोएडा। इस बार 2022 में होने वाले नोएडा विधानसभा चुनाव में किसी बाहरी को पार्टी का टिकट न दिया जाए। इसको लेकर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा तथा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को आज मेल भी भेजा गया है।
कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष शाहबुद्दीन ने पार्टी के तीनों शीर्ष नेताओं को भेजे मेल में कहा है कि सभी कार्यकर्ताओं की मांग है कि इस बार नोएडा से किसी बाहरी व्यक्ति को टिकट न दिया जाए। कई वर्षों से नोएडा में पार्टी के लिए संघर्ष कर रहे किसी कर्मठ कार्यकर्ता में से किसी को प्रत्याशी बनाया जाए।
बता दें कि इसके पूर्व स्थानीय कार्यकर्ताओं के विरोध के बावजूद भी कांग्रेस पार्टी द्वारा बाहरी को प्रत्याशी बनाया गया। नतीजा एक प्रत्याशी बीच में चुनाव को मंझधार में छोड़ कर भाजपा की गोद में जा बैठा। वहीं पूर्व लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रत्याशी हार के भय से एक सप्ताह पूर्व मोबाइल बंद करके लापता हो गया। कार्यकर्ताओं की मांग है कि इस बार कांग्रेस हाईकमान ऐसी कोई गलती ना करें जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरे तथा वे हताश हो जाएं।
उल्लेखनीय है कि पार्टी के अधिकांश कार्यकर्ता का कहना है कि यदि इस बार भी हाईकमान ने किसी बाहरी व्यक्ति को टिकट दिया तो पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता सामूहिक इस्तीफा देंगे तथा बूथों पर भी बस्ता संभालने वाला कोई कार्यकर्ता नहीं मिलेगा।