
Noida News (चेतना मंच)। इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन (NEA) के चुनाव पर लगा स्थगनादेश समाप्त होने के बाद अब चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। उम्मीद है कि अक्टूबर माह में एनईए के चुनाव सम्पन्न करा लिये जाएंगे। बता दें कि एनईए की पूर्व कार्यकारिणी का कार्यकाल 24 अगस्त 2023 को समाप्त हो चुका है।
चुनाव को लेकर नोएडा प्राधिकरण के कर्मचारियों की यूनियन एनईए के पूर्व पदाधिकारियों ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डा. लोकेश एम से मुलाकात की। इस दौरान पूर्व पदाधिकारियों ने हाईकोर्ट द्वारा चुनाव कराने के निर्देश का अनुपालन करने के लिए शीघ्र ही चुनाव अधिकारी नियुक्त कर चुनाव कराये जाने की मांग रखी। सीईओ ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि जल्द ही चुनाव सम्पन्न कराये जांएगे।
आपको बता दें कि एनईए के चुनाव 28 अगस्त 2023 को होने थे। सभी पैनलों की तैयारी भी पूरी हो चुकी थी। इसी दौरान एक दिन पूर्व कार्यकारिणी के पूर्व अध्यक्ष कुशलपाल ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी तथा चुनाव पर स्थगनादेश ले आए। जिससे चुनाव नहीं हो पाये। अब हाईकोर्ट ने 21 सितंबर को दायर याचिका का निस्तारण करके चुनाव कराने के निर्देश दिये हैं। सीईओ से मिलने वालों में पूर्व अध्यक्ष चौ. राजकुमार, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र शर्मा, राहुल कुमार, अमरजीत सिंह व सुभाष चंद आदि लोग मौजूद थे।