
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के सेक्टर-4, 7 और 10 में सड़क के किनारे अवैध रूप से किए जा रहे अतिक्रमण से उद्यमियों व आम जनता को खासी परेशानी हो रही है। नोएडा के इन सेक्टरों में सड़कों के किनारे रेहड़ी, ठेली व बिल्डिंग मैटेरियल का सामान डालकर अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया है।
उद्यमियों की समस्याओं को लेकर नोएडा एन्ट्रेप्रिनियोर्स एसोसिएशन के सैक्टर-6 स्थित कार्यालय में नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबन्धक वर्क सर्किल-1 एंव उनकी पूरी टीम तथा नौएडा एन्टेप्रिनियोर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं ई.सी मैम्बरों के साथ बैठक का आयोजन किया गया।
नोएडा एन्ट्रेप्रिनियोर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन ने नोएडा प्राधिकरण अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नोएडा के सेक्टर-1 में नाला खुला हुआ है जिसमें आए दिन दुर्घटनाएं घटती रहती हैं। सेक्टर-4, सेक्टर-7 तथा सेक्टर-10 में सड़कों के किनारे रेहडी, ठेली बिल्डिंग मैटेरियल वालों द्वारा अतिक्रमण किया गया है, सडक से गुजरना तक दूभर हो जाता है। सेक्टर-6 के जी ब्लाक चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनाया जाना जरूरी है। वहीं सेक्टर-7 में खाली पड़े भूखंड पर कूडे के ढेर लगे हुए है तथा ई-ब्लाक में इन्टरलाकिंग टाईलें नहीं बिछाई गई है।
समस्याओं के सुनने के पश्चात वरिष्ठ प्रबन्धक डोरी लाल ने उपस्थित अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए तथा अवगत कराया कि शीघ्र ही अतिक्रमण हटाने के लिए ड्राईव चलाई जाएगी तथा खुले नालों को शीघ्र ढक दिया जाएगा। बैठक में एन.ई.ए. उपाध्यक्ष मोहम्मद इरशाद, सचिव राहुल नैय्यर, राजन खुराना, मयंक गुप्ता, मोहम्मद आजाद, संदीप विरमानी, अजय अग्रवाल, ओम प्रकाश, इन्दरपाल खांडपुर, आरके सूरी तथा अन्य उद्यमी मौजूद रहे।