
Noida News: थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के सेक्टर 47 में आज सुबह आठवीं मंजिल से गिरकर एक वृद्ध की मौत हो गई। वृद्ध ने आत्महत्या की है अथवा यह दुर्घटना है इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
सेक्टर 47 चौकी प्रभारी अजय सिंह यादव ने बताया कि आज सुबह सूचना मिली कि सेक्टर 47 के जलवायु टावर में रहने वाले एक व्यक्ति की आठवीं मंजिल से गिर कर मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान राजेश मलिक पुत्र चंद्र कुमार मलिक (65 वर्ष) के रूप में हुई। राजेश मलिक जलवायु टावर में अपने परिवार सहित रह रहे थे और अपना व्यवसाय करते थे। उन्होंने बताया कि परिजन भी राजेश मलिक की मौत के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राजेश मलिक ने आत्महत्या की है अथवा वह फिसल कर बलकनी से नीचे गिरे हैं, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।