
Noida News (चेतना मंच)। भीड़भाड़ वाली सड़कों व एक्सप्रेसवे पर खतरनाक स्टंट कर अपने साथ दूसरे लोगों की जान खतरे में डालने वाले रईसजादों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद रईसजादे अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर अपनी कारों से स्टंट कर रहे रईसजादों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 कारों को सीज किया है।
एक्सप्रेसवे थाना प्रभारी सरिता मलिक ने बताया कि गत दिनों पुलिस को सूचना मिली थी कि एक्सप्रेस वे पर कुछ युवक अपनी कारों से स्टंट कर रहे हैं। रईसजादे अपने कारों की सनरूफ खोलकर मोबाइल के जरिए रील बना रहे हैं। इसके अलावा आरोपी खतरनाक तरीके से ड्राइविंग कर दूसरों की जान को जोखिम में डाल रहे हैं।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपियों को चिन्हित करने का काम शुरू किया। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो स्कॉर्पियो व एक वरना कार को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। स्टंट बाज अन्य वाहन चालकों को चिन्हित करने का कार्य किया जा रहा है जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि सोशल मीडिया पर लाइक पाने व लोगों पर रौब गांठने के उद्देश्य से रईसजादे आए दिन शहर की सड़कों पर स्टंट करते हुए दिख रहे हैं। ऐसा नहीं है कि कमिश्नरेट पुलिस द्वारा इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही। समय-समय पर पुलिस स्टंट बाज वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को अमल में ला रही है।
कार्रवाई के तहत स्टंट करने वाले चालकों के वाहनों को एमवी एक्ट के तहत सीज कर भरी जुर्माना लगाया जा रहा है। वाहन चालकों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया जा रहा है। इसके बावजूद भी स्टंट बाज अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। Noida News