
Noida News : 12वीं कक्षा की छात्रा के साथ गैंगरेप के आरोपियो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगी हुई हैं।
थाना बीटा-2 प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि छात्रा के साथ गैंग रेप करने वाले आरोपी अजय विपिन व निखिल की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। इसके अलावा सर्विलांस टीम का भी सहारा लिया जा रहा है। आरोपियों के संभावित स्थानों पर पुलिस टीम दबिश देकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई हैं। इसके अलावा पुलिस विवेचनात्मक कार्रवाई करते हुए मामले से संबंधित तथ्यों को भी एकत्रित कर रही है।
आपको बता दें कि ग्राम कयामपुर गांव में किराए पर रहने वाली शिखा (काल्पनिक नाम) गांव के ही अजय, विपिन, निखिल के खिलाफ उसकी पुत्री के साथ गैंगरेप किए जाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिखा की बेटी ग्रेटर नोएडा के एक इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा में पढ़ती है। करीब 6 माह पूर्व गांव निवासी अजय की उससे दोस्ती हुई थी। अजय ने छात्रा को अपने फ्लैट पर बुला लिया था। अजय ने नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ रेप किया और उसकी अश्लील वीडियो बना ली। इस वीडियो के आधार पर अजय उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था।
आरोपी अजय ने अश्लील वीडियो अपने दोस्त निखिल व विपिन को दे दी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने भी छात्रा के साथ गैंगरेप किया। आरोपियों ने अपने अन्य दोस्तों के साथ भी छात्रा को शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालना शुरू कर दिया था। इसके बाद छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास किया जिसके बाद परिजनों को इस घटना का पता चला। बेटी के साथ हुई बर्बरता की जानकारी मिलने पर छात्रा की मां शिखा ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना बीटा-2 में बीते रात्रि गैंग रेप का मुकदमा दर्ज कराया था।