
Noida News (चेतना मंच)। नया गांव में बीती रात एक युवक ने अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है।
थाना फेस 2 प्रभारी विंध्याचल तिवारी ने बताया कि बीती रात्रि पुलिस को सूचना मिली थी कि नया गांव निवासी पवन सिंह के 26 वर्षीय पुत्र कुलदीप ने खुद को गोली मार ली है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि परिजन कुलदीप को उपचार के लिए यथार्थ अस्पताल लेकर गए हैं। अस्पताल पहुंचने पर जानकारी मिली कि कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई थी।
उन्होंने बताया कि कुलदीप ने अपनी दाईं कनपटी से पिस्टल सटाकर खुद को गोली मारी, जिस कारण उसकी मौत हुई है। पुलिस ने पिस्टल को अपने कब्जे में ले लिया है। कुलदीप शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद का मामला सामने आ रहा है। वहीं कुलदीप की मौत के बाद से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है।