
Noida News (चेतना मंच)। बेखौफ चोरों ने पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर की दूरी पर ही चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस सुरक्षा के दावों की कलई खोलकर रख दी है। चोर एक मकान से चार लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, नगदी व स्मार्ट वॉच चोरी कर फरार हो गए।
सेक्टर-11 एल ब्लॉक में रहने वाले चेतन बढ़गूर्जर ने आज सुबह पुलिस को सूचना दी कि चोर उनके घर से 4 लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, 4 हजार रूपये और दो स्मार्ट वॉच चोरी कर ले गए हैं। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया तो घर के बाहर एक सीडी खड़ी हुई मिली। आशंका जताई जा रही है कि चोर इसी सीडी के माध्यम से घर के फर्स्ट फ्लोर पर पहुंचे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
हैरानी की बात यह है कि चोरों ने जिस जगह वारदात को अंजाम दिया है वहां से हरिदर्शन चौकी की दूरी महज 100 मीटर के आसपास है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल कर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-45 स्थित प्रतीक स्टाइलोम सोसायटी के एक घर से चोरों ने लाखों रुपए के जेवरात व 60 हजार रूपए पर हाथ साफ कर दिया। पीडि़त ने अपने घर पूर्व में काम करने वाली 4 नौकरानियों परशक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
सेक्टर 45 स्थित प्रतीक स्टाइलोम सोसायटी में रहने वाले वी के त्रेहन ने बताया कि उनके घर से सोने के तीन कड़े, सोने की चेन, चांदी के सिक्के, 3 जोड़ी कान के टॉप्स, अंगूठी, डायमंड रिंग व 60 हजार रूपये चोरी हो गए हैं। वीके त्रेहन ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनके घर में धन देवी, रानी, सुनीता, उषा नामक महिला ने घरेलू नौकरानी का कार्य किया था। उन्होंने शक जताया कि चोरी की घटना को इनमें से ही किसी ने अंजाम दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है। Noida News