
Noida News (चेतना मंच)। थाना फेस 1 क्षेत्र के गोल चक्कर पर मुख्य सड़क को घेरकर खड़े टेंपो व ई रिक्शा के खिलाफ कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने अभियान चलाया। अभियान के तहत पुलिस ने आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले 15 टेंपो व ई रिक्शा चालकों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। पुलिस ने मौके से 15 टेंपो व ई रिक्शा को भी सीज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से टेंपो व ई-रिक्शा चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
नोएडा जोन के डीसीपी हरिश्चंद्र के पर्यवेक्षण में थाना फेस 1 पुलिस ने यातायात को बाधित करने वाले ऑटो रिक्शा चालकों के खिलाफ शनिवार को अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस ने गोल चक्कर पर मुख्य मार्ग को घेर कर खड़े टेंपो व ई रिक्शा चालक सतेंद्र पुत्र प्यारे मोहन, विशाल गौतम पुत्र राजवीर सिंह, मिथिलेश कुमार सिंह पुत्र जनार्दन प्रसाद, राजेश कुमार यादव पुत्र बिलास राय, मोहम्मद फैजल पुत्र फिरोज, संजय पुत्र विजय, वीरेश पुत्र बेचे, पलक सरकार पुत्र निताई सरकार, अजय पुत्र मनोज, संजय पुत्र अनार सिंह, अमन कुमार पुत्र श्रीराम रतन, वसीम पुत्र रहमतुल्ला, संदीप कुमार पुत्र रमेश चंद, धर्मपाल पुत्र भगवानदास व नन्हे पुत्र रामबाबू के खिलाफ धारा 283 के तहत अभियोग पंजीकृत करते हुए कार्रवाई की। इसके अलावा लोक मार्ग को अवरुद्ध करने के आरोप में एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत 15 टेंपो व ई रिक्शा को भी सीज किया गया।
आपको बता दें कि गोल चक्कर चौराहे पर टेंपो व ई रिक्शा चालक सवारियों के लालच में मेट्रो स्टेशन के पास मुख्य मार्ग को घेर कर खड़े रहते हैं। इस कारण यहां अक्सर यातायात बाधित होता है और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। वाहन चालकों ने कई बार सोशल मीडिया के माध्यम से इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था।