
Noida News (चेतना मंच)। साइबर ठगों ने ऑनलाइन जॉब तथा निवेश पर बेहतर रिटर्न देने का लालच देकर युवती सहित दो लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना लिया। साइबर ठगों ने पीड़ितों से लाखों रुपये ठग लिए।
नोएडा के सेक्टर 51 केंद्रीय विहार में रहने वाली एक युवती ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत दिनों उसके पास एक व्यक्ति का मैसेज आया। उसने बताया कि वह घर बैठे पैसे कमा सकती है। इसके लिए उसको इंस्टाग्राम पर वीडियो को क्लिक करना होगा। प्रत्येक क्लिक पर उसे 70 रुपये दिए जाएंगे। एक दो बार उसे क्लिक के बाद रिटर्न दिया गया। इसके बाद उसे निवेश करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
जालसाज की बातों में आकर उसने कई बार में 6 लाख 51 हजार 500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। रिटर्न न मिलने पर जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उसे इंस्टाग्राम ग्रुप से भी बाहर कर दिया। पीड़िता ने थाना सेक्टर 49 में अज्ञात जालसाज के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
इसके अलावा थाना सेक्टर 113 में सेक्टर 74 सुपरटेक केपटाउन निवासी युवक ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि जालसाज ने उसे यूट्यूब वीडियो को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करने के नाम पर अपनी ठगी का शिकार बनाया। शुरुआत में उसे लाइक शेयर करने पर कुछ राशि प्रदान की गई। इसके बाद उसे धन राशि निवेश करने पर बेहतर रिटर्न का लालच दिया गया।
जालसाज की बातों में आकर उसने 1 लाख 55 हजार रुपये जमा करा दिए। इसके बाद आरोपी ने उस पर और पैसे जमा कराने का दबाव बनाया जिस पर उसने इंकार कर दिया। पैसे ना देने पर आरोपी ने उसे अपने टेलीग्राम ग्रुप से निकाल दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश कर रही है। Noida News