तीन किशोरियों का अपहरण, दो के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज
Noida News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 06:54 AM
नोएडा (चेतना मंच)। अलग-अलग स्थान से तीन किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। परिजनों ने दो युवकों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया है। थाना फेस-1 क्षेत्र के हरौला गांव में किराए पर रहने वाले रमेश (काल्पनिक नाम) की बेटी बीते 17 अक्टूबर को घर से किसी काम के लिए बाहर गई थी। उसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। रमेश के मुताबिक उसने अपनी बेटी की काफी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। इस दौरान उसे पता चला कि उसे राहुल नाम का युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
पड़ोस में रहने वाले युवक पर लगाया आरोप
थाना सूरजपुर क्षेत्र के मलकपुर गांव में किराए पर रहने वाले मनोज (काल्पनिक नाम) ने दर्ज रिपोर्ट बताया कि उनकी (15 वर्षीय) बेटी को पड़ोस में रहने वाला आशीष उर्फ गौरव बहला फुसलाकर भगा ले गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं थाना बिसरख में चिपियाना गांव में रहने वाले रामदीन (काल्पनिक नाम) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी (14 वर्षीय) बेटी बीते 10 अक्टूबर को घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी तलाश करने पर भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
छात्र ने दी फोटो वायरल करने की धमकी
ग्रेटर नोएडा के थाना रबूपुरा में छात्रा ने छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। छात्रा का आरोप है कि उसके साथ स्कूल में पढ़ने वाला छात्र अक्सर उसे परेशान करता है और फोटो वायरल करने की धमकी देता है। थाना रबूपुरा क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा कोमल (काल्पनिक नाम) ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 12वीं कक्षा का छात्र अक्सर उसे परेशान करता है। उसने इस बात की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने जब छात्र को डांटा फटकारा तो वह उल्टा उन्हें ही धमकी देने लगा। छात्रा का आरोप है कि आरोपी छात्र उसके फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा – नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।