
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण करा रहे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को उम्मीद है कि राम मंदिर के उदघाटन के अवसर पर अयोध्या में भारी भीड़ जुट सकती है। अत्यधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए भीड़ के नियंत्रण की जिम्मेदारी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) को सौंपी गई है। विश्व हिन्दू परिषद ने अयोध्या में अत्यधिक भीड़ न होने देने की व्यापक तैयारी पहले से ही शुरू कर दी है। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने अयोध्या मंदिर के उदघाटन (प्राण प्रतिष्ठा) वाले दिन 22 जनवरी 2024 को पूरे देश के पांच लाख गांवों के मंदिरों में विशेष प्रोग्राम करने की घोषणा कर दी है।
इन प्रोग्रामों में एलईडी स्क्रीन लगाकर अयोध्या में राम मंदिर के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि 22 जनवरी 2024 से दो तीन दिन पूर्व ही अयोध्या में आने वालों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी जाएगी। इस बीच पता चला है कि अयोध्या में राम मंदिर के उदघाटन के अवसर पर देश व दुनिया के चार हजार साधु संत तथा 2500 अति विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।