Wrestlers Protest : पहलवानों की जायज मांगें पूरी हों, निष्पक्ष जांच हो : सचिन पायलट
Legitimate demands of wrestlers should be met, fair investigation should be done: Sachin Pilot
भारत
चेतना मंच
19 May 2023 11:07 PM
नयी दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने कहा कि प्रदर्शनकारी पहलवानों की जायज मांग जल्द से जल्द पूरी करके देश के कानून के दायरे में निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक तथा एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता विनेश फोगाट सहित प्रदर्शनकारी पहलवानों के समर्थन में पायलट सुबह जंतर मंतर पहुंचे थे। प्रदर्शनकारी पहलवान एक नाबालिग सहित महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के लिए भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
देश के कानून के तहत की जाए कार्रवाई
सचिन पायलट ने कहा कि जो भी मेरी बात सुन रहे हैं उनसे मेरा अनुरोध है कि खिलाड़ियों की सभी जायज मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। देश के कानून और संविधान के तहत कार्रवाई की जाए। संविधान में इसका स्पष्ट उल्लेख है कि कैसे कार्रवाई की जानी चाहिए। पहलवानों ने बृजभूषण की गिरफ्तारी के लिए 21 मई की समय सीमा तय की है। ऐसा न करने पर वे खापों और गांवों के वरिष्ठ जनों से मिलकर आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए रूपरेखा तय करेंगे।
किसके दबाव में हो रही न्याय देने में देरी
पायलट ने कहा कि पिछले 26-27 दिनों से हमारे चोटी के खिलाड़ी पीड़ा झेल रहे हैं। वे अपने साथ हुए गलत काम के लिए कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। वे इतने दिनों से गुहार लगा रहे हैं और इंतजार कर रहे हैं, ताकि उन्हें उचित सम्मान मिले। हम चाहते हैं कि उनकी आवाज सुनी जाए और उन्हें न्याय मिले। उन्होंने कहा कि पहलवान जो मांग कर रहे हैं, हम उसकी निष्पक्ष जांच चाहते हैं। उन्होंने हमारा गौरव बढ़ाया है। कानून के दायरे में उनकी बात सुनी जानी चाहिए। अगर उन्हें न्याय देने में देरी हो रही है, तो हमें आत्मचिंतन करना चाहिए कि ऐसा क्यों हो रहा है और किसके दबाव में हो रहा है।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।