
Israel Iran War : इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग की पृष्ठभूमि में अब प्रचार युद्ध भी तेज हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा युद्धविराम का दावा किए जाने के कुछ ही घंटों बाद ईरान ने एक नया पोस्टर जारी कर अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान फिर अपनी ओर खींचा है। इस पोस्टर में बेर्शेबा शहर में हुए मिसाइल हमले की खंडहरनुमा तस्वीर के साथ एक चेतावनी भरा संदेश भी दर्ज है —आखिरी वार हमने किया...
ईरानी पोस्टर में जिस तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है, उसमें साफ देखा जा सकता है कि बेर्शेबा में ऊंची रेजिडेंशियल इमारतें मिसाइल हमले के बाद मलबे में तब्दील हो चुकी हैं। ईरानी मीडिया के मुताबिक, यह हमला बैलिस्टिक मिसाइलों के जरिए अंजाम दिया गया। विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम इजरायल को मनोवैज्ञानिक रूप से दबाव में लाने की कोशिश भी हो सकती है।
ईरान का यह पोस्टर न सिर्फ एक हमले की तस्वीर दिखाता है, बल्कि यह एक साफ राजनीतिक-सामरिक संदेश भी है। संदेश यह कि तेहरान अब पीछे हटने वाला नहीं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस पोस्टर के जरिए ईरान ने वैश्विक मंच पर अपनी स्थिति और आक्रामक नीति को साफ किया है। ईरान की ओर से साझा किए गए एक वीडियो में मिसाइल हमले के तुरंत बाद एक बहुमंजिला इमारत से आग का गोला और काला धुआं निकलते देखा गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इससे जमीनी स्थिति की गंभीरता को आंका जा सकता है।
ईरानी मीडिया के हवाले से खबर है कि बेर्शेबा पर हुए इस हमले में अब तक कम से कम 8 इजरायली नागरिकों की मौत हो चुकी है। हालांकि, इजरायल की ओर से इस आंकड़े की स्वतंत्र पुष्टि अब तक नहीं हुई है। ईरान द्वारा की गई यह सीधी रिहायशी क्षेत्र पर कार्रवाई युद्ध के मानवीय पहलू को भी कटघरे में खड़ा कर रही है।
Israel Iran War