
Israel Iran War : मध्य-पूर्व में ईरान और इज़रायल के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिका की ओर से युद्धविराम की घोषणा के दावे ने भले ही वैश्विक राजनीति में हलचल मचा दी हो, लेकिन ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने साफ संकेत दे दिया है कि तेहरान अब भी संघर्ष के लिए पूरी तरह तैयार है। खामेनेई ने स्पष्ट शब्दों में कहा— "जो लोग ईरानी जनता और उनके इतिहास से परिचित हैं, वे जानते हैं कि यह राष्ट्र कभी आत्मसमर्पण नहीं करता।" यह बयान उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी किया, जिसके बाद यह स्पष्ट हो गया कि ईरान फिलहाल किसी भी प्रकार के युद्धविराम के मूड में नहीं है।
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया के माध्यम से दावा किया कि ईरान और इज़रायल के बीच 12 घंटे का अस्थायी सीजफायर लागू हो चुका है। ट्रंप ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों की सहमति से हुआ है और 6 घंटे के भीतर दोनों पक्ष अपने-अपने सैन्य अभियानों को समेट लेंगे।ट्रंप का यह भी कहना था कि पहले ईरान युद्ध विराम करेगा, फिर 12 घंटे बाद इज़रायल। कुल मिलाकर 24 घंटे के भीतर यह 12 दिन पुराना युद्ध समाप्त मान लिया जाएगा।ट्रंप ने इस संभावित युद्धविराम को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि यदि यह टकराव यूं ही चलता रहता, तो यह वर्षों तक खिंच सकता था और पूरे मध्य-पूर्व को भारी नुकसान उठाना पड़ता। उन्होंने इसे "एक निर्णायक और वैश्विक स्तर पर स्वागत योग्य पहल" बताया। Israel Iran War