Manipur Violence : फिर धधका मणिपुर, गोलीबारी में अब तक तीन की मौत
Manipur flares up again, three killed in firing so far
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 07:46 PM
इंफाल। मणिपुर में तीन मई से शुरू हुई हिंसा की आग ठंडी होने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच, राज्य के कंगपोकपी जिले में सुरक्षा बलों और संदिग्ध दंगाइयों के बीच गोलीबारी में घायल एक और व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे घटना में जान गंवाने वालों लोगों की कुल संख्या शुक्रवार को बढ़कर तीन हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में पांच लोग घायल हुए हैं।
Manipur Violence
दंगाइयों से निपटने के लिए सुरक्षा बलों ने की जवाबी कार्रवाई
हथियारों से लैस दंगाइयों ने हरओठेल गांव में बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की थी। सेना ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवानों ने स्थिति से निपटने के लिए उचित तरीके से जवाबी कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे के आसपास भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और आरएएफ (त्वरित कार्रवाई बल) को तैनात किया गया था। बृहस्पतिवार को मारे गए दो दंगाई जिस समुदाय के थे, उसके सदस्यों ने उनके शव के साथ यहां मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के आवास तक जुलूस निकालने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को दी गिरफ्तार करने की चुनौती
महिलाओं के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के आवास की तरफ बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती भी दी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारी पुलिस की आवाजाही को बाधित करने के लिए सड़क के बीच में टायर जलाते हुए भी देखे गए। सुरक्षाकर्मियों ने जब प्रदर्शनकारियों को सिंह के आवास तक मार्च करने से रोका, तो वे हिंसक हो गए, जिसके बाद पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा।
चुराचांदपुर में शांति के लिए निकाला गया कैंडिल मार्च
हरओठेल गांव की ओर से कई दिशाओं से स्वचालित हथियारों से रुक-रुककर गोलीबारी की आवाजें सुनाई देने के बाद राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय और के मुनलाई गांव में असम राइफल्स की टुकड़ियां तैनात की गईं। एक अधिकारी ने बताया कि अज्ञात बंदूकधारियों ने बिना उकसावे के गोलीबारी की थी। इस बीच, मणिपुर में शांति की अपील करते हुए चुराचांदपुर में एक ‘कैंडल लाइट’ मार्च भी निकाला गया।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।
#manipurviolence