गूगल मैप को टक्कर देगा भारत का ‘नाविक’, सरकार ला रही नया नियम
भारत
चेतना मंच
26 Oct 2025 03:10 PM
भारत सरकार अब एक बड़ा तकनीकी बदलाव करने जा रही है। जल्द ही देश में बनने वाले हर मोबाइल फोन में देसी नेविगेशन सिस्टम ‘नाविक’ (NaVIC) इनबिल्ट दिखाई देगा। इसका मकसद है भारतीय यूजर्स का डेटा देश के भीतर ही सुरक्षित रखना और विदेशी कंपनियों पर निर्भरता कम करना। NaVIC App
सूत्रों के मुताबिक, सरकार इस दिशा में नियम बनाने पर विचार कर रही है जिसके तहत मोबाइल फोन कंपनियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके डिवाइस में ‘नाविक’ ऐप पहले से इंस्टॉल हो। यह या तो गूगल मैप के साथ एक विकल्प के रूप में उपलब्ध होगा या फिर पूरी तरह से स्वतंत्र नेविगेशन सिस्टम के रूप में काम करेगा।
क्यों जरूरी है ‘नाविक’?
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया कि सरकार की सबसे बड़ी चिंता है भारतीय डेटा का देश से बाहर जाना। अभी ज्यादातर ऐप्स जिनमें गूगल मैप भी शामिल है, अपने सर्वर भारत के बाहर रखते हैं। ऐसे में भारतीय नागरिकों का लोकेशन और नेविगेशन डेटा विदेशी सर्वर पर स्टोर होता है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और डेटा गोपनीयता दोनों के लिए खतरा बन सकता है। इसी वजह से सरकार चाहती है कि भारतीय तकनीक पर आधारित ऐप्स और सिस्टम्स को बढ़ावा दिया जाए। ‘नाविक’ इसी दिशा में एक अहम कदम है।
क्या है ‘नाविक’?
‘नाविक’ यानी Navigation with Indian Constellation भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) द्वारा विकसित एक स्वदेशी सैटेलाइट-आधारित नेविगेशन सिस्टम है। यह अमेरिका के GPS (Global Positioning System) की तरह काम करता है और भारत के साथ-साथ इसके आसपास के 1,500 किलोमीटर क्षेत्र में बेहद सटीक लोकेशन जानकारी प्रदान करता है।
सरकार डेटा सुरक्षा को लेकर कई स्तरों पर काम कर रही है। सभी सर्वर और चिप्स को अब भारत में निर्मित करने की दिशा में नियम बनाए जा रहे हैं। CCTV कैमरों में लगने वाले चिप्स भी भारतीय निर्माण के होंगे। सरकारी मंत्रालयों के ईमेल और डॉक्यूमेंट शेयरिंग सिस्टम को विदेशी सॉफ्टवेयर से हटाकर भारतीय कंपनी Zoho के प्लेटफॉर्म पर स्थानांतरित किया जा चुका है। इसके साथ ही हर सरकारी डेटा का सुरक्षा ऑडिट भी जारी है।
रेलवे और अन्य सेवाओं में भी होगा ‘नाविक’
‘नाविक’ को केवल मोबाइल ऐप तक सीमित नहीं रखा जाएगा। जानकारी के अनुसार, भारतीय रेलवे भी अपने नेविगेशन सिस्टम में ‘नाविक’ को जोड़ने की तैयारी में है। इसके लिए MapmyIndia (मैपल) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर जल्द हस्ताक्षर हो सकते हैं। NaVIC App