प्यार के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला उत्तर प्रदेश के नोएडा से सामने आया है। नोएडा के सेक्टर-62 में रहने वाले एक इंजीनियर को टिंडर ऐप पर मिली गर्लफ्रेंड ने ऐसा झांसा दिया कि दो साल में उनके बैंक खाते से करीब 66 लाख रुपये उड़ गए। आनलाइन फ्रॉड करने वाली इस महिला ने पहले दोस्ती की, फिर बीमारी और नौकरी छूटने का बहाना बनाकर युवक को भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल किया। Noida News :
टिंडर पर हुई दोस्ती, शुरू हुआ प्यार का खेल
इंजीनियर कपिल (परिवर्तित नाम) साल 2023 में टिंडर एप पर एक्टिव थे। एक दिन उन्हें शुभांगी मौटी नाम की आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। कपिल ने रिक्वेस्ट स्वीकार की और बातचीत शुरू हो गई। दोनों ने एक-दूसरे से परिवार, प्रोफेशन और हॉबी पर चर्चा की। धीरे-धीरे यह बातचीत दोस्ती में और फिर रिश्ते में बदल गई।
बीमारी और जॉब छूटने का बहाना बना हथियार
कुछ महीने बाद शुभांगी ने कपिल को बताया कि वह बीमार है और उसकी नौकरी चली गई है। भावनाओं में बहकर कपिल ने उसकी मदद शुरू कर दी। शुरुआत में 500, 1000, 1500 रुपये जैसी छोटी रकम दी गई, लेकिन ठग महिला ने धीरे-धीरे रकम बढ़ा दी। वह हर बार नया बहाना बनाकर पैसे मांगती रही। एक दिन शुभांगी के परिजन और वकील बनकर दो लोगों ने कपिल को फोन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शुभांगी की तबीयत बिगड़ने के लिए वही जिम्मेदार है। जब कपिल ने विरोध किया, तो ठगों ने उसे पुलिस केस और जान से मारने की धमकी दे डाली। डर के मारे कपिल चुप रहा और पैसे ट्रांसफर करता रहा।
दो साल में 294 ट्रांजैक्शन, खाते से उड़ गए 66 लाख
जून 2023 से फरवरी 2025 के बीच ठगों ने कपिल से कुल 294 बार में 66 लाख 22 हजार रुपये वसूले। पैसे दिल्ली, जयपुर और नोएडा के अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराए गए। फरवरी 2025 में जब कपिल ने पैसे भेजना बंद किया, तो ठगों ने फिर धमकी देना शुरू कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। नोएडा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ठगों के बैंक खातों तथा कॉल डिटेल्स की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह बड़े स्तर पर आनलाइन डेटिंग ऐप्स के जरिए लोगों को निशाना बना रहा है। Noida News