अभियान के तहत नोएडा सेक्टर-51 स्थित नारी प्रगति सोशल फाउंडेशन में 125, नोएडा सेक्टर-10 के दिव्यतरंग एजुकेयर फाउंडेशन के साथ करीब 110, नोएडा सेक्टर-45 में 200 स्वेटर वितरित किए गए।

Noida News : दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती सर्दी के बीच नोएडा में जरूरतमंद स्कूली बच्चों को राहत पहुंचाने के लिए नवरत्न फाउंडेशन ने अपना वार्षिक ‘शीत-कवच’ अभियान तेज कर दिया है। संस्था ने कड़ाके की ठंड से बच्चों को बचाने के उद्देश्य से जनवरी माह में करीब 800 बच्चों को स्वेटर और गर्म कपड़े वितरित किए हैं, ताकि उनकी पढ़ाई मौसम की वजह से बाधित न हो।
नवरत्न फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि संस्था बीते 23 वर्षों से लगातार यह अभियान चला रही है। उनके अनुसार जनवरी 2026 के पहले सप्ताह तक अलग-अलग स्थानों पर जरूरतमंद बच्चों तक स्वेटर पहुंचाए गए। अभियान के तहत नोएडा सेक्टर-51 स्थित नारी प्रगति सोशल फाउंडेशन में 125, नोएडा सेक्टर-10 के दिव्यतरंग एजुकेयर फाउंडेशन के साथ करीब 110, नोएडा सेक्टर-45 में 200 स्वेटर वितरित किए गए। इसके अलावा मथुरा के नौझील क्षेत्र में 300 और दिल्ली के पावहर क्षेत्र में 125 स्वेटर बच्चों को दिए गए।
डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि नोएडा से शुरू होकर यह पहल आसपास के क्षेत्रों तक फैल रही है, जिसका मकसद बच्चों को सर्दी से सुरक्षित रखकर उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखना है। उन्होंने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और नागरिकों से अपील की कि वे नोएडा के इस सामाजिक प्रयास से जुड़कर जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए आगे आएं। स्वेटर वितरण कार्यक्रमों में नवरत्न फाउंडेशन के महासचिव मुरलीधरन ए.वी., नारी प्रगति से मीनाक्षी त्यागी, महिला उन्नति संस्था से रेनू बाला शर्मा, दिव्यतरंग एजुकेशन संस्था से विकी यादव, सुश्री ममता, सुश्री नेहा, नौझील (मथुरा) से श्रीमती अंजना अंजुम, तथा फाउंडेशन कोऑर्डिनेटर अजय मिश्रा का विशेष योगदान रहा। Noida News